उत्तर प्रदेश के इन शहरों में रहते हैं सबसे ज्यादा पियक्कड़, आंकड़े कर देंगे हैरान
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:12 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:12 PM
UP News : उत्तर प्रदेश में शराब और बीयर की खपत में जबरदस्त उछाल देखा गया है। देश की एक प्रमुख आर्थिक शोध संस्था ICRIER (इंडियन काउंसिल फॉर रिसर्च ऑन इंटरनेशनल इकोनॉमिक रिलेशंस) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य बन गया है जहां शराब पीने वालों की संख्या सबसे अधिक है। इस रिपोर्ट में पश्चिम बंगाल दूसरे नंबर पर है लेकिन उत्तर प्रदेश का आंकड़ा सभी को पीछे छोड़ता नजर आ रहा है।
पिछले कुछ वर्षों में हुई तेजी से वृद्धि
आबकारी विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीयर की खपत में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से वृद्धि हुई है। खास बात यह है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों की देशी शराब की दुकानों पर भी बीयर बेचने की अनुमति दी गई है, जिससे बीयर की बिक्री में और इजाफा हुआ है। यही वजह है कि आबकारी विभाग ने इस वित्तीय वर्ष में कंपोजिट दुकानें खोलने की अनुमति दी है जहां अंग्रेजी शराब, वाइन और बीयर एक ही जगह पर उपलब्ध हैं।
बीयर पीने वालों की संख्या ज्यादा
विभागीय आंकड़े बताते हैं कि बीयर पीने वालों की संख्या शराब पीने वालों के मुकाबले लगभग ढाई गुना ज्यादा हो चुकी है। बीते पांच वर्षों के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। इस अवधि में अंग्रेजी शराब की लगभग 13,597.53 लाख बोतलें बेची गईं जबकि बीयर की बिक्री 30,659.53 लाख कैन (या बोतल) तक पहुंच गई है। यानी बीयर की खपत शराब की तुलना में कहीं अधिक तेजी से बढ़ है।
ये शहर शराब की खपत में सबसे आगे
हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह बढ़ती खपत सामाजिक और स्वास्थ्य स्तर पर भी चिंता का विषय बन सकती है। लेकिन आंकड़ों के हिसाब से देखा जाए तो उत्तर प्रदेश खासकर इसके कुछ बड़े शहर जैसे लखनऊ, नोएडा, कानपुर और गाजियाबाद, बीयर और शराब की खपत में सबसे आगे हैं। उत्तर प्रदेश में शराब और बीयर का बाजार हर साल नया रिकॉर्ड बना रहा है। ग्रामीण इलाकों में बढ़ती पहुंच और नई दुकानों के खुलने से इस खपत में और तेजी आने की संभावना है। हालांकि यह आर्थिक दृष्टिकोण से राज्य के लिए फायदेमंद हो सकता है लेकिन सामाजिक दृष्टिकोण से इस पर नजर रखना भी जरूरी है।