उत्तर प्रदेश का यह शहर में आवास, रोजगार ही नहीं लॉजिस्टिक और व्यावसायिक गतिविधियों का हब बनेगा
भारत
चेतना मंच
17 Sep 2025 07:22 PM
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अब केवल आवासीय क्षेत्र ही नहीं, बल्कि लॉजिस्टिक और व्यावसायिक गतिविधियों का हब बनने जा रही है। उत्तर प्रदेश के इस शहर में वरुण विहार योजना के तहत 15,000 से अधिक रिहायशी और व्यावसायिक प्लॉट्स उपलब्ध कराए जाएंगे। जो उत्तर प्रदेश के लोगों को घर के सपने के साथ नए रोजगार और निवेश के अवसर भी प्रदान करेंगे। UP News :
परियोजना का आकार और स्थान
एलडीए के अनुसार, यह योजना आगरा एक्सप्रेस-वे और किसान पथ से सीधे जुड़ी होगी। कुल 5,610 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए सदर और सरोजनीनगर तहसील के कई गांवों की जमीन चिन्हित की गई है, जैसे भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ, मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा और दोना। अनुमान है कि इस योजना से लगभग 3 लाख से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी।
लॉजिस्टिक पार्क और निवेश अवसर
इस मेगा प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा आकर्षण होगा 300 एकड़ में विकसित होने वाला लॉजिस्टिक पार्क और ट्रांसपोर्ट नगर। आगरा एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी की वजह से यह क्षेत्र उत्तर भारत का प्रमुख लॉजिस्टिक हब बन सकता है। योजना के लागू होने से उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश आएगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
आधुनिक सुविधाएं और ग्रीन स्पेस
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, वरुण विहार को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विकसित किया जाएगा। 800 एकड़ में ग्रीन बेल्ट, वॉटर बॉडीज और पार्क को विकसित किया जाएगा। यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स व सेंट्रल पार्क बनाया जाएगा। कुल मिलाकर, यह क्षेत्र लखनऊ के रियल एस्टेट और लॉजिस्टिक हब के रूप में नई पहचान बनाएगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी
वरुण विहार योजना में 25 सेक्टर होंगे, जिनमें ग्रिड पैटर्न पर सड़कें व भूमिगत केबल लाइन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। आईएसबीटी (इंटर स्टेट बस टर्मिनल) भी प्रस्तावित है, जिससे शहर और आसपास के जिलों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
एलडीए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन अधिग्रहण कर रहा है। अधिकारियों का दावा है कि यह प्रोजेक्ट लखनऊ को उत्तर भारत का बड़ा रियल एस्टेट और लॉजिस्टिक हब बनाएगा। योजना से आम नागरिकों को घर बनाने का अवसर मिलेगा, जबकि लॉजिस्टिक और व्यावसायिक हब रोजगार और निवेश के नए अवसर खोलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राजधानी की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लखनऊ निवेशकों की पहली पसंद बनेगा। UP News