
UP News : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां तीन लोगों को एक मस्जिद का झंडा हटाकर भगवा झंडा लगाना भारी पड़ गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। इसके अलावा शाहजहांपुर जिले के ही तिलहर पुलिस ने ‘श्रीराम’ लिखे ध्वज का अपमान करने वाले 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शाहजहांपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार की रात रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के लालबाग चौडेरा में बनी एक मस्जिद से गांव के ही तीन लोगों ने एक मस्जिद पर लगे हुए हरे रंग के झंडे को उतारकर मस्जिद पर भगवा रंग का झंडा लगा दिया था। गांव के एक फलालुद्दीन नामक निवासी ने पुलिस को पूरे घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा बताया गया कि इस पूरे मामले में अंकित कठेरिया, रोहित जोशी और रोहित सक्सेना नामक व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इलाके में पूरी तरह से शांति बनी है। साथ ही पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रियांक जैन का कहना है, कि उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में स्थित तिलहर के बतलैया गांव से भी एक ऐसी ही घटना सामने आयी है। जहां पर 17 लोगों ने ‘श्रीराम’ लिखे हुए झंडे का भी अपमान किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उन 17 लोगों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।