यूपी में बॉर्डर से सटे इलाकों में तीन अवैध मदरसे सील, बच्चों को भेजा सरकारी स्कूल
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
27 Apr 2025 12:25 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
27 Apr 2025 12:25 AM
UP News : योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने वादे के मुताबिक सीमावर्ती इलाकों में अवैध मदरसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के जमुनहा क्षेत्र में प्रशासन ने तीन अवैध मदरसों को सील कर दिया है। इन मदरसों में पढ़ रहे बच्चों को तत्काल प्रभाव से नजदीकी सरकारी विद्यालयों में शिफ्ट कर दिया गया है।
छापेमारी से मचा हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, एसडीएम जमुनहा और खंड शिक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान इन मदरसों में बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते हुए मिले, लेकिन जब दस्तावेजों की मांग की गई तो संचालक कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में सामने आया कि ये तीनों मदरसे जामिया अबूबकर अनवारूल कुरान, अहले सुन्नत अतावल उलूम पूरी तरह से बिना अनुमति के संचालित हो रहे थे। प्रशासन ने बच्चों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पास के सरकारी विद्यालयों में दाखिल करा दिया। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई किसी भी सूरत में बाधित नहीं होने दी जाएगी।
सख्त संदेश : बिना अनुमति कोई शिक्षा संस्थान नहीं
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में बिना मान्यता और वैध दस्तावेजों के कोई भी शैक्षणिक संस्थान नहीं चलने दिया जाएगा। अब अन्य मदरसों की भी गहन जांच की जाएगी। यह कार्रवाई योगी सरकार की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों और अनधिकृत शिक्षण संस्थानों पर लगाम कसी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही जिले के सभी मदरसों का फिजिकल वेरिफिकेशन और दस्तावेजी जांच कराई जाएगी। बिना अनुमति, संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त या सरकारी मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। UP News