UP News : सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराएंगे पर्यटन मित्र
Tourism friends will introduce you to cultural, spiritual and historical heritage
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:32 AM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं, छात्रों और पर्यटकों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराने के इरादे से सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थाओं में ‘युवा पर्यटन क्लब’ के गठन की पहल की है।
पर्यटन मित्रों को नहीं मिलेगा कोई मानदेय
उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि यह पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए युवा शक्ति के इस्तेमाल की एक कारगर पहल है। सरकार ने विशेष रूप से युवाओं को ‘पर्यटन मित्र’ के रूप में तैनात करने का निर्णय लिया है। मेश्राम ने बताया कि जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा ‘युवा पर्यटन क्लब’ का गठन किया जा रहा है। इस क्लब के सभी सदस्य ‘पर्यटन मित्र’ कहलाएंगे। पर्यटन मित्र पूरी तरह से स्वैच्छिक आधार पर काम करेंगे। उन्हें कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा।
UP News
युद्धस्तर पर हो रहा है युवा पर्यटन क्लब का गठन
विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ‘पर्यटन मित्र’ पर्यटकों को गांवों, कस्बों और शहरों की गौरवशाली आध्यात्मिक, पौराणिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि ‘पर्यटन मित्र’ पर्यटन स्थलों पर पर्यटक सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में सूचना देने में भी सहायक होंगे और वे सहायता, स्वच्छता और सुरक्षा जैसे बिंदुओं पर भी ध्यान देंगे। पर्यटन विभाग और संस्कृति परिषद उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में स्थित सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थाओं में युद्धस्तर पर ‘युवा पर्यटन क्लब’ का गठन कर रहे हैं।
अब तक बनाए गए 32,308 पर्यटन मित्र
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में युवा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, भारत स्काउट एवं गाइड्स, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल जैसे युवा केंद्रित संगठनों के सदस्यों के माध्यम से युवा पर्यटन गतिविधियों को गति प्रदान की जा रही है। राज्य में पर्यटन क्लब के गठन की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर मेश्राम ने कहा कि विभाग द्वारा 1,506 युवा पर्यटन क्लब का गठन किया जा चुका है और 32,308 ‘पर्यटन मित्र’ नामित किए जा चुके हैं। वर्तमान में वृहद स्तर पर ‘पर्यटन मित्र’ नामित करने की प्रक्रिया चल रही है।
UP News
युवा पर्यटन क्लब के सदस्य कराएंगे प्रतियोगिताएं
मेश्राम ने बताया कि सरकार ने युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों द्वारा सेल्फी-फोटोग्राफी प्रतियोगिता, साइकिल यात्रा, हेरिटेज वॉक और स्थानीय स्तर पर भ्रमण कराने की योजना बनाई है। इसके अलावा, पर्यटन स्थलों पर निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, पोस्टर बनाना, अभिनय, नाट्य रूपांतरण, वाद-विवाद, जागरुकता अभियान, परिचर्चा, सामुदायिक संपर्क, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि गतिविधियां भी आयोजित कराई जाएंगी।
एक मंडल में बनाए जाएंगे 10 क्लब
मेश्राम से जब यह पूछा गया कि क्या सरकार ने इन क्लब के लिए बजट का प्रावधान किया है, तो जवाब में उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की पर्यटन नीति-2022 के तहत राज्य में स्थित राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, राजकीय डिग्री कॉलेज, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, श्रमिक स्कूल (अटल), कस्तूरबा गांधी विद्यालय आदि राजकीय शैक्षणिक संस्थाओं को युवा पर्यटन गतिविधियों के संचालन के लिए 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक मंडल में अधिकतम 10 ऐसे क्लब को जिलाधिकारियों की संस्तुति पर सहायता प्रदान की जाएगी। किसी भी शैक्षणिक संस्थान को पूरे वर्ष में सिर्फ एक बार सहायता मिलेगी।
शिक्षक ने दी पर्यटन मित्र बनाए जाने की जानकारी
गोरखपुर के पिपरौली विकास खंड के 12वीं के छात्र और ‘पर्यटन मित्र’ रोहित सिंह ने बताया कि उन्हें ‘पर्यटन मित्र’ बनाए जाने की जानकारी उनके एक शिक्षक ने दी। उनके विद्यालय के अन्य कई छात्र ‘पर्यटन मित्र’ बनाए गये हैं। सिंह ने कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को गाइड करने के लिए वह अपने जिले के ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों का विधिवत अध्ययन कर रहे हैं, ताकि लोगों को उनके बारे में बेहतर ढंग से समझा सकें। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रत्येक युवा पर्यटन क्लब में कम से कम 25 छात्र और दो शिक्षक शामिल किए जा रहे हैं। ये सभी सदस्य ‘पर्यटन मित्र’ कहलाएंगे।
उत्तर प्रदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।