दर्दनाक : राजधानी में झोपड़ी पर पलटा ट्रक, चार की मौत
UP News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:17 PM
UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल को कचौट कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लखनऊ में अयोध्या हाइवे के किनारे एक भारी-भरकम ट्रक झोपड़ी के ऊपर पलट गई। जिसकी चपेट में आकर एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही मौके से पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
घर में सो रहा था परिवार
बताया जा रहा है ये हादसा तड़के 3 बजे हुआ। हादसे के दौरान परिवार घर के अंदर सो रहा था। इसी बीच एक अनियंत्रित ट्रक के पलट जाने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय उमेश, 32 वर्षीय नीलम देवी, 4 वर्षीय गोलू और 13 वर्षीय सनी के रूप में की गई है।
पुलिस ने आरोपियों को लिया हिरासत में
हालांकि इस हादसे में 7 साल की एक बच्ची की जान बच गई और वो पूरी तरह सुरक्षित है। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक समेत 2 लोगो को हिरासत में ले लिया है।