परिवहन मंत्री का बड़ा ऐलान, लोकतंत्र सेनानियों के आश्रितों को मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
06 Jul 2024 08:53 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
06 Jul 2024 08:53 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने घोषणा की है कि, यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में लोकतंत्र सेनानियों के पात्र आश्रितों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 2016 में लागू हुए लोकतंत्र सेनानी सम्मान अधिनियम के तहत यह व्यवस्था पहले से थी, जिसमें लोकतंत्र सेनानियों की मृत्यु के बाद उनके पात्र उत्तराधिकारियों को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
लोकतंत्र सेनानी की पत्नी को भी मिलेगी सुविधा
यदि लोकतंत्र सेनानी पति हैं, तो उनकी आश्रित पत्नी और यदि पत्नी हैं, तो पति को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। जिलाधिकारी द्वारा जारी परिचय पत्र के आधार पर पात्र आश्रित और उनके एक सहयोगी को यह सुविधा मिलेगी। इस संबंध में परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ये लोग कर सकते हैं मुफ्त में सफर UP News
UPSRTC की बसों में अन्य विशेष श्रेणियों को भी फ्री यात्रा की सुविधा मिलती है। निर्वाचित सांसद, विधायक, दिव्यांगजन और वीरता पुरस्कार से सम्मानित जवान एवं पुलिस बल के जवान फ्री यात्रा कर सकते हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पुरस्कृत शिक्षकों, बच्चों और छात्रों को भी रियायती यात्रा की सुविधा दी गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक व प्रवक्ता अजीत सिंह ने बताया कि प्रदेश भर में लगभग 1500 पात्र आश्रित हैं जिन्हें रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी।