उत्तर प्रदेश से पूर्वोत्तर तक सफर और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार : ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की मंजूरी
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
11 Sep 2025 04:27 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
11 Sep 2025 04:27 PM
UP News : उत्तर प्रदेश से पूर्वोत्तर तक सफर और व्यापार को नई रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने गोरखपुर-सिलीगुड़ी 568 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 39,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह एक्सप्रेसवे 6 लेन का होगा और गोरखपुर से शुरू होकर बिहार के शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक जाएगा। इसके जरिए न केवल पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा। बिहार के शिवहर में 15.8 किलोमीटर, सीतामढ़ी के 28 गांवों से होकर सड़क गुजरेगी।
भूमि सर्वे और निर्माण की तैयारी
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सर्वे का काम तेज कर दिया है। गाँव-गाँव जाकर भूमि नापी जा रही है और मुख्य स्थानों पर पिलर लगाए जा रहे हैं। भोपाल की एलएन मालवीय इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। 100 मीटर चौड़ी जमीन की पहचान की जा रही है। डीपीआर फाइनल होते ही भूमि अधिग्रहण और निर्माण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
स्थानीय किसानों और व्यापारियों में उत्साह
किसानों का कहना है कि उनके कृषि उत्पाद अब देश के बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंचेंगे। वहीं व्यापारियों का मानना है कि यह परियोजना निवेश के नए अवसर पैदा करेगी और युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खोलेगी। सरकार का लक्ष्य है कि यह एक्सप्रेसवे 2028 तक पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाए। जिससे उत्तर प्रदेश से पूर्वोत्तर तक सफर और व्यापार को नई रफ्तार मिल सके। UP News