उत्तर प्रदेश से बिहार का सफर होगा आसान : अब इस जगह फोरलेन हाइवे से खत्म होगा जाम का झाम
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
15 Sep 2025 07:11 PM
उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच सफर करने वालों के लिए अब राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के भांवरकोल क्षेत्र में पिछले चार वर्षों से लगने वाले भीषण जाम का स्थायी समाधान मिल गया है। एनएचएआई जंगीपुर से मांझी तक नया फोरलेन हाइवे बना रहा है, जिसके पूरा होते ही दिल्ली, मुंबई और लखनऊ से आने-जाने वाले यात्रियों को जाम की टेंशन से मुक्ति मिलेगी। UP News :
* एनएच-31 पर बढ़नपुरा गांव की छोटी पुलिया सबसे बड़ी समस्या रही।
* पुलिया इतनी संकरी है कि दो बड़े वाहन आमने-सामने नहीं निकल सकते।
* खासकर बालू ढुलाई सीजन में हजारों ट्रक फंसकर घंटों लंबा जाम बना देते हैं।
5311 करोड़ की परियोजना
हाइवे परियोजना की लागत 5311 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसे चार पैकेज में बांटा गया है:
* पहला: हृदयपुर-शाहपुर (42.5 किमी)
* दूसरा: शाहपुर-पिंडारी (35.65 किमी)
* तीसरा: पिंडारी-रिवीलगंज बायपास (38.97 किमी)
* चौथा: बक्सर स्पर (17.27 किमी)
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी
नया हाईवे पूरी तरह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है। यह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 328वें किलोमीटर से जुड़ेगा। यानी एक्सप्रेसवे इस्तेमाल करने वाले वाहन अब 13 किमी पहले ही बलिया या बिहार की ओर निकल सकेंगे। परियोजना का काम दिसंबर 2023 में शुरू हुआ था।
लक्ष्य है कि इसे दिसंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाए। एनएचएआई कोशिश में है कि दो पैकेज इस साल के अंत तक चालू कर दिए जाएं, ताकि यात्रियों को आंशिक राहत मिलने लगे। इस फोरलेन हाइवे से न सिर्फ जाम की समस्या खत्म होगी, बल्कि यूपी-बिहार के बीच फास्ट और स्मूथ कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित होगी। UP News