UP News : बदायूं में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में दो सिपाही निलंबित
Two constables suspended for demanding bribe of Rs 10,000 in Badaun
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
19 Dec 2022 06:32 PM
बदायूं (उप्र)। बदायूं जिले के उसहैत थाने में तैनात दो सिपाहियों को छेड़छाड़ के एक मामले को रफा-दफा कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
UP News
सोशल मीडिया पर रिश्वत मांगने का एक ऑडियो सार्वजनिक होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांचोपरांत आरोपी दोनों सिपाहियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिये हैं।
पुलिस अधीक्षक (नगर) अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि थाना उसहैत में तैनात कांस्टेबल (आरक्षी) अभिषेक गोयल और मनोज कुमार की छेड़छाड़ के एक मामले को रफा-दफा कराने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ), उझानी द्वारा मामले की जांच की गयी। जांच में प्रथमदृष्टया दोनों सिपाहियों के घटना में लिप्त पाये जाने पर उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिये गये हैं।
UP News
उन्होंने बताया कि मामला सामने आने पर बदायूं के एसएसपी ओपी सिंह ने उझानी के सीओ को जांच के निर्देश दिए थे। सीओ की जांच में सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में प्रथमदृष्टया दोनों सिपाहियों की संलिप्तता पाए जाने की रिपोर्ट दी गयी थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गयी।