UP पंचायत चुनाव: चुनावी बिगुल बजने से पहले तैयारियां तेज, वोटर लिस्ट में सुधार की तारीख तय!
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 05:44 PM
UP News : उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। हालांकि अभी तक राज्य सरकार या निर्वाचन आयोग की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन तैयारियों को देखकर संकेत मिल रहे हैं कि चुनाव मई-जून 2026 के बीच कराए जा सकते हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग 16 जुलाई से प्रदेशव्यापी अभियान के तहत मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। इस दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़े जाएंगे, मृतकों या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे, और आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। इस प्रक्रिया में आम जनता को भी आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
निर्वाचन आयोग जुटा तैयारियों में
पंचायतीराज विभाग और निर्वाचन आयोग पहले ही परिसीमन, आरक्षण और मतदाता सूची से जुड़ी तैयारियों में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि 1 जुलाई से 3 जुलाई के बीच उन ग्राम पंचायतों और संबंधित क्षेत्र/जिला पंचायतों के प्रस्तावित वार्डों की सूची प्रकाशित की जाएगी, जो हाल ही में नए नगर निकाय बनने या पुराने निकायों की सीमाओं में बदलाव की वजह से प्रभावित हुई हैं। प्रस्तावित वार्डों पर 4 जुलाई से 8 जुलाई तक आपत्तियां ली जाएंगी और 9 से 11 जुलाई के बीच उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 12 से 14 जुलाई के बीच अंतिम वार्ड सूची प्रकाशित की जाएगी।
आयोग की तैयारियां लगभग हो चुकी है पूरी
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होते ही आयोग मतदाता सूची को अपडेट करने का विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा। आयोग की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और संशोधन प्रक्रिया को पारदर्शी व सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव की औपचारिक घोषणा आने वाले कुछ महीनों में हो सकती है। UP News