कांवड़ यात्रा पर UP पुलिस की पैनी नजर, भड़काऊ गाने बजाने वालों को सख्त हिदायत
Kanwar Yatra 2024
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 08:29 PM
UP News : श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। यात्रा की शांति, सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को मेरठ पुलिस लाइन स्थित सभागार में करीब 200 डीजे संचालकों के साथ अहम बैठक की गई, जिसकी अध्यक्षता एडीएम सिटी बृजेश कुमार सिंह और एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने संयुक्त रूप से की।
अधिकारियों ने दी सख्त हिदायतें
अधिकारियों ने डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान आपत्तिजनक, भड़काऊ या अश्लील गीतों का बजाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे किसी भी कंटेंट के इस्तेमाल पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे वाहनों की ऊंचाई और चौड़ाई को लेकर भी नियम तय किए गए हैं। जैसे-डीजे की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए और चौड़ाई 14 फीट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। यह प्रावधान इसलिए किया गया है ताकि यात्रा के दौरान ट्रैफिक बाधित न हो, बिजली के तारों से कोई खतरा न हो और कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ध्वनि सीमा और समय का पालन जरूरी
डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि स्तर (dB limit) का सख्ती से पालन करना होगा। रात 11 बजे के बाद डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है, जिसे सभी के सहयोग से शांतिपूर्वक सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बॉर्डर पर होगी चेकिंग, नियम तोड़ने पर डीजे होंगे वापस। एडीएम सिटी बृजेश कुमार ने बताया कि जिले की सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। जो डीजे वाहन निर्धारित मानकों का पालन नहीं करेंगे, उन्हें मौके से लौटा दिया जाएगा। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। UP News