कूड़ा गाड़ी में बैठकर घूमे उत्तर प्रदेश के मंत्री, बोले- जो सीखा वो शेयर कर रहा हूं
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Jul 2025 03:51 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Jul 2025 03:51 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने एक अलग ही अंदाज में अपने दायित्व का निर्वहन किया। असीम अरुण ने कन्नौज में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य का अनुभव करने के लिए खुद सफाईकर्मियों के साथ कूड़ा गाड़ी में बैठकर गलियों का दौरा किया। असीन अरुण ने मॉस्क लगाकर अपनी पहचान छुपाई और सुबह की शिफ्ट में गौतम और विकास के साथ मोहल्लों में घूमकर इस व्यवस्था को करीब से देखा और समझा।
गेंबा वॉक से ली प्रेरणा
अपने अनुभव को साझा करते हुए मंत्री ने बताया कि उन्होंने जापान की एक मैनेजमेंट प्रक्रिया ‘गेंबा वॉक’ से प्रेरणा ली, जिसमें प्रबंधन से जुड़े लोग जमीनी स्तर पर जाकर कार्यों को नज़दीक से देखते हैं, कर्मचारियों से संवाद करते हैं और सुधार के उपाय खोजते हैं। असीम अरुण ने लिखा, "पुलिस सेवा में रहते हुए मैंने कई बार ऐसा किया और पाया कि कभी-कभी दो घंटे का जमीनी अनुभव, कई दिनों की ट्रेनिंग से ज़्यादा कारगर होता है।" उन्होंने बताया कि सफाईकर्मियों के साथ यह अनुभव बेहद शिक्षाप्रद रहा। उन्होंने चार पन्नों में नोट्स बनाए और महसूस किया कि कुछ बेहद जरूरी बातें सामने आईं जिन्हें समाज के साथ साझा करना चाहिए। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि अगर उनके पास भी कोई अनुभव या सुझाव हों, तो ज़रूर भेजें।
मंत्री ने खुद के लिए भेजे वाहन का किया चालान का अनुरोध
वाराणसी दौरे पर गए समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने एक और मिसाल पेश की। 30 जून 2025 को वाराणसी में उनके लिए जो वाहन उपलब्ध कराया गया था (वाहन संख्या: UP 65 QT 9650), उसमें अनधिकृत लाइट लगी हुई थी। नियमों का उल्लंघन देखते ही मंत्री ने उस वाहन का इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया। मंत्री ने लखनऊ से वाराणसी पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर वाहन के खिलाफ चालान करने की सिफारिश की। उन्होंने पत्र में लिखा, "कृपया सुनिश्चित करें कि नियमों का उल्लंघन करने वाले इस वाहन का चालान अवश्य हो।" साथ ही, उन्होंने वाहन की एक तस्वीर भी संलग्न की, जिसमें स्पष्ट रूप से अनधिकृत लाइट दिखाई दे रही थी। UP News