उत्तर प्रदेश का नया एक्सप्रेसवे जोड़ेगा एमपी और राजस्थान को, बनेगा 1600 मीटर लंबा हैंगिंग पुल
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
28 Sep 2025 06:04 PM
उत्तर प्रदेश जल्द ही एक और मेगा प्रोजेक्ट की शुरुआत करने जा रहा है। उत्तर प्रदेश में आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य अक्टूबर के अंत से शुरू होगा। यह 88 किलोमीटर लंबा छह लेन का एक्सप्रेसवे होगा, जो उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश को सीधी सुपरफास्ट कनेक्टिविटी देगा। परियोजना पूरी होने के बाद उत्तर प्रदेश के आगरा से ग्वालियर की दूरी महज 1 से 1.5 घंटे में तय की जा सकेगी। UP News :
भूमि अधिग्रहण और औद्योगिक जोन
इस एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अधिग्रहित जमीन पर भविष्य में चार औद्योगिक जोन विकसित किए जाएंगे, जिन्हें सर्विस रोड के जरिए एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे औद्योगिकीकरण और निवेश को बढ़ावा मिलेगा और आसपास के जिलों में आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार तेज होगी।
1600 मीटर लंबा हैंगिंग पुल बनेगा आकर्षण
इस एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा आकर्षण होगा चंबल नदी पर बनने वाला 1600 मीटर लंबा हैंगिंग पुल। वर्तमान में इसके लिए सर्वे कार्य जारी है। पुल के बन जाने से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि यह क्षेत्र की इंजीनियरिंग उपलब्धियों का प्रतीक भी बनेगा। यह एक्सप्रेसवे रोहता, धौलपुर और मुरैना होते हुए सुसेरा, ग्वालियर तक जाएगा। तीन राज्यों को जोड़ने वाला यह मार्ग व्यापार, परिवहन और पर्यटन के लिहाज से बेहद अहम साबित होगा।
निवेश और समयसीमा
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 4613 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण का जिम्मा जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट्स को सौंपा गया है, जबकि इसकी निगरानी एनएचएआई का ग्वालियर खंड करेगा। एक्सप्रेसवे और इसके साथ बनने वाले औद्योगिक जोन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, सड़क और पुल से कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। UP News