पुलिस लाइन को बनाएंगे प्रदेश में अव्वल, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक मिलेगी हर सुविधा
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 11:33 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 11:33 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार शाम बिना किसी पूर्व सूचना के शहर का औचक निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि इस बार वह न तो सरकारी गाड़ी से निकले और न ही पुलिस की कोई टीम साथ थी बल्कि आम आदमी की तरह ई-रिक्शा (टोटो) में बैठकर सड़कों का हाल देखा। हैरानी की बात यह रही कि जब तक वह घंटों शहर में घूमकर लौटे, किसी थानेदार या बड़े अफसर को इसकी भनक तक नहीं लगी।
अतिक्रमण पर सख्त रवैया
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब 50 अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों, ठेलेवालों और खोमचों की पहचान की गई है। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और फोटो सबूत के साथ कार्रवाई करने का आदेश थानेदारों को दिया गया है। साथ ही 10 चिन्हित अतिक्रमण स्थलों पर तैनात बीट पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई होगी।
पुलिस लाइन बनेगी प्रदेश की मिसाल
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन का भी निरीक्षण किया और उसे आदर्श पुलिस लाइन बनाने के मिशन की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कॉलोनी में रह रहे परिवारों से मुलाकात की और उनसे सहयोग की अपील की। अब पुलिस लाइन में जिम, चिल्ड्रन पार्क, लाइब्रेरी, बैडमिंटन हॉल, वीआईपी गेस्ट हाउस और सैलून जैसी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर सरकारी आवास सुसज्जित और स्वच्छ हो, ताकि यहां रहने वाले पुलिसकर्मी और उनके परिजन खुद को गर्व महसूस करें।
त्योहारों पर अमन कायम रखने की तैयारी शुरू
पुलिस कमिश्नर ने आगामी मोहर्रम (27 जून से) और श्रावण कांवड़ यात्रा (11 जुलाई से 9 अगस्त तक) को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पहले से तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने थानेदारों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे हर छोटी-बड़ी जानकारी पर होमवर्क करें और ताजियादारों से बैठक कर उन्हें जिम्मेदारियों से अवगत कराएं। ताजिया की ऊंचाई मानक के अनुसार हो और हथियारों या भड़काऊ नारों पर सख्त पाबंदी रहे। हर जुलूस में आयोजकों को अपने 20 वालंटियर्स रखने होंगे। कांवड़ यात्रा को लेकर भी सभी डीसीपी को निर्देश दिया गया है कि वे मार्ग का निरीक्षण करें और शिविर आयोजकों से तालमेल बनाकर यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करें। UP News