माफिया मुख्तार अंसारी की जमीन पर योगी ने बसाया गरीबों का आशियाना : 72 परिवारों को मिला नया घर
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
05 Nov 2025 05:57 PM
पूर्वांचल के कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी की कब्जे वाली जमीन पर अब गरीबों के नए आशियानों का निर्माण हो गया है। सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना के तहत तैयार किए गए 72 ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की चाबियां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में गरीब परिवारों को सौंप दी। सीएम योगी ने इस मौके पर कहा, माफिया किसी का नहीं होता, लेकिन अब उनकी जमीनों पर गरीबों का अधिकार है। जो जमीन माफियाओं की गोद में थी, वह अब गरीबों की गोद में है। UP News :
ये फ्लैट कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी की कब्जे वाली जमीन पर लखनऊ के डालीबाग इलाके में बनाए गए हैं, जिसे पहले मुख्तार अंसारी के अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया था। एलडीए ने 2,322 वर्ग मीटर की इस जमीन पर तीन जी+3 मंजिला ब्लॉक तैयार किए। प्रत्येक फ्लैट का आकार 36.65 वर्ग मीटर है और कीमत 10.70 लाख रुपये रखी गई। फ्लैटों में स्वच्छ पानी, बिजली, सुरक्षा, पार्किंग और परिसर में सड़क-पार्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
लाभार्थियों का चयन और उत्साह
4 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक आनलाइन आवेदन के माध्यम से 8,000 लोगों ने पंजीकरण कराया। लॉटरी के जरिए 72 परिवारों का चयन हुआ। चाबियां पाते ही कई लाभार्थियों की आंखें नम हो गईं। एक महिला ने कहा, हजरतगंज जैसे इलाके में अपना घर पाना हमारे लिए सपने जैसा था। मुख्तार साहब के जमाने में यह इलाका डर का प्रतीक था, अब खुशहाली का।
मुख्तार अंसारी की संपत्ति और सरकार की कार्रवाई
मुख्तार अंसारी, जिन्होंने अपने जीवन का अधिकांश समय अपराध और जबरन वसूली में बिताया, की 292 सदस्यों की संपत्ति, जिसकी कीमत 600 करोड़ रुपये से अधिक थी, जब्त की जा चुकी है। योगी सरकार ने उनके अवैध निर्माण को ध्वस्त कर यह जमीन गरीबों के लिए आबंटित कर दी। कार्यक्रम कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित किया गया, जिसे सीएम योगी ने भाग्यशाली बताया। इसके साथ ही अटल नगर (पारा क्षेत्र) योजना भी लॉन्च की गई, जो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित है और सुशासन का प्रतीक है। UP News