उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शुरू की नई पहल, अब गोवंश गोद लेने पर मिलेगी आय
UP News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:56 AM
UP News : उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसहारा गोवंश के संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत किसानों को गोवंश गोद लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि यह योजना किसानों की आय बढ़ाने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्राम स्तरीय रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस योजना के तहत किसान एक से चार तक गोवंश गोद ले सकते हैं। सरकार गोवंश की देखभाल के लिए किसानों को मनरेगा के तहत कैटल शेड (पशु शरण स्थल) मुहैया कराएगी, जिससे उनके रहने के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
ऊर्जा आमदनी साथ में
गोवंश से मिलने वाले गोबर और अन्य उत्पादों का उपयोग करते हुए किसानों को स्मॉल बायोगैस यूनिट्स भी प्रदान की जाएंगी। इससे न केवल घर की ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति होगी, बल्कि अतिरिक्त गैस और जैविक खाद बेचकर किसान अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे। इस योजना में महिला स्वयं सहायता समूहों और गांव के नवयुवकों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें स्थायी रोजगार के साथ-साथ स्थानीय उद्यमिता का अवसर मिल सके। इससे ग्राम स्तर पर आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा।
सरकार की मंशा
योगी सरकार का मानना है कि गो आधारित अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित कर गांवों में आत्मनिर्भरता लाई जा सकती है। बेसहारा गोवंश की देखभाल के साथ-साथ यदि किसान की आय बढ़े और रोजगार के अवसर भी सृजित हों, तो यह योजना एक व्यापक सामाजिक-आर्थिक बदलाव ला सकती है। UP News