स्टेडियमों की बाढ़ लाएगी योगी सरकार, उत्तर प्रदेश के हर गांव से निकलेगा अगला चैंपियन
UP News
भारत
चेतना मंच
23 Jun 2025 06:25 PM
UP News : उत्तर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अब बड़ा मंच मिलेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने हर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण स्टेडियम और हर मंडल में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण की योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से प्रस्ताव मांगे गए हैं ताकि खेल सुविधाओं का जाल गांव-गांव तक फैलाया जा सके।
खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच
उत्तर प्रदेश के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में मौजूद छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सरकार की यह पहल मील का पत्थर साबित हो सकती है। खेल विभाग की ओर से कहा गया है कि, अब कोई भी खिलाड़ी सुविधाओं के अभाव में अपने सपनों से समझौता नहीं करेगा। प्रदेश में हर विधानसभा क्षेत्र में एक मिनी स्टेडियम और हर मंडल में एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जाएगा जिसे स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से जोड़ा जाएगा।
प्रतियोगिताओं को मिलेगा नया विस्तार
सीएम योगी ने खेल प्रतियोगिताओं को और ज्यादा प्रभावशाली बनाने के लिए ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक की सभी प्रतियोगिताओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत एमपी-एमएलए स्पोर्ट्स गेम्स से इनका समन्वय किया जाएगा। हर जिले में हर आयु वर्ग के लिए प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी ताकि नई प्रतिभाएं उभर कर सामने आ सकें।
कहां-कहां बनेंगे नए स्टेडियम?
फिलहाल जिन विधानसभा क्षेत्रों में अभी तक युवा कल्याण विभाग की ओर से कोई ग्रामीण स्टेडियम नहीं बना है वहां भूमि चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अलीगढ़ जिले के गभाना विधानसभा के चंडौस और जवां विकासखंड, इगलास विधानसभा के इगलास और गोंडा विकासखंड में स्टेडियम निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिए गए हैं।
जिलों को दिए गए स्पष्ट निर्देश
जिला प्रशासन को प्रमुख सचिव, युवा कल्याण विभाग की ओर से पत्र भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि जहां स्टेडियम नहीं हैं वहां तत्काल भूमि का चयन कर प्रस्ताव तैयार करें। सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि खसरा-खतौनी और नजरी नक्शे के साथ प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर भेजें ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। योगी सरकार की यह पहल उत्तर प्रदेश को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। ग्रामीण इलाकों में स्टेडियम और ओपन जिम के निर्माण से जहां खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी, वहीं राज्य की पहचान भी खेल मानचित्र पर और मजबूत होगी। UP News