योगी सरकार की बड़ी सौगात : पारदर्शी भर्ती से हजारों युवाओं को मिला रोजगार
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:45 PM
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की 2425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह यूपी के किसी विभाग में पिछले दो दशकों का सबसे बड़ा नियुक्ति अभियान है। कार्यक्रम में महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य भी मौजूद रहीं। UP News :
मिशन रोजगार की नई उड़ान, विपक्ष पर कड़ा वार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनके सपनों का मंच देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने साफ कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और शुचितापूर्ण रही। इससे न केवल आंगनबाड़ी तंत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि ग्रामीण स्तर तक सेवाओं का दायरा भी विस्तृत होगा। सीएम योगी ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते 20 वर्षों तक प्रदेश में नियुक्तियों का मतलब बंदरबांट होता था। प्रदेश बीमारू राज्य नहीं था, बल्कि उसका नेतृत्व करने वाले बीमार मानसिकता के थे। उन्होंने कहा कि अब सरकार पूरी ईमानदारी और शुचिता के साथ नियुक्तियां कर रही है। इसका नतीजा है कि आजमगढ़, शामली से लेकर थारू जनजाति की बेटियों तक का चयन हो रहा है।
योगी का संदेश, बिना भेदभाव करें सेवा
मुख्यमंत्री ने नियुक्त किए गए युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि अब जाति और जिले देखकर अवसर नहीं दिए जाते। मेहनत और ईमानदारी से काम करने वालों को सफलता मिलती है। यही कारण है कि आज प्रदेश का हर युवा विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि नई नियुक्तियां केवल नौकरी नहीं, बल्कि सेवा का अवसर हैं। सभी अभ्यर्थियों को पूरी प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। UP News