योगी सरकार की बड़ी पहल: उत्तर प्रदेश के स्कूलों में जल्द भरे जाएंगे खाली पद
UP News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 05:39 PM
UP News : उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा विभाग को जल्द से जल्द रिक्त पदों के लिए अधियाचन (प्रस्ताव) भेजने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने दो टूक कहा कि प्रदेश के किसी भी विद्यालय में मानकों से कम शिक्षक नहीं होने चाहिए।
नियुक्ति प्रक्रिया में न हो देरी
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि शिक्षक-छात्र अनुपात सभी स्कूलों में आदर्श स्थिति में लाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रिक्त पदों के विरुद्ध अधियाचन तत्काल भेजें और भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके। बैठक में सीएम योगी ने विद्यालयों की पेयरिंग व्यवस्था को भी विस्तार से समझाया और इसे दूरदर्शी कदम बताते हुए जल्द लागू करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस नीति से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों तीनों को लाभ होगा। इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में भी व्यापक सुधार आएगा।
50 से अधिक छात्र वाले स्कूल होंगे स्वतंत्र
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जिन स्कूलों में 50 से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं उन्हें स्वतंत्र विद्यालय के रूप में संचालित किया जाए। पेयरिंग के चलते जो विद्यालय भवन खाली होंगे, उनमें बाल वाटिकाएं, प्री-प्राइमरी स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएं, जिससे शिशु शिक्षा की नींव मजबूत हो सके। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि 6 से 14 वर्ष का कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित न रहे। विद्यालय प्रबंध समितियां, जिसमें प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधान शामिल होते हैं, इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाएं। उन्होंने ‘स्कूल चलो अभियान’ को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए।
बच्चों के अभिभावकों को जल्द मिले DBT सहायता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों के अभिभावकों के खातों में 1200 रुपये की डीबीटी सहायता राशि (जिसमें यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्टेशनरी और पाठ्य सामग्री शामिल है) जल्द भेजी जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभार्थी परिवारों को समय पर राहत मिल सके।