UP Political News : सपा की जीत ने दिया परिवर्तन का संदेश : अखिलेश
UP Political News : SP's victory gave the message of change: Akhilesh
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 08:06 AM
UP Political News : मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के राष्टï्रीय अध्यक्ष व उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर पार्टी की प्रचंड जीत के लिए हर एक मतदाता का आभार जताया है और कहा है कि इस जीत ने जहां एक परिवर्तन का संदेश दिया है। वहीं समाजवादियों में नई ऊर्जा का संचार किया है।
UP Political News :
मैनपुरी लोकसभा के लिए हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी व अखिलेश यादव की धर्मपत्नी डिम्पल यादव रिकार्ड 2.88 लाख मतों से जीती हैं। जीत के बाद अखिलेश यादव व डिम्पल यादव अपने परिजनों के साथ समाजवादी पार्टी के संस्थापक व पूर्व रक्षामंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की समाधि पर गए तथा पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। अखिलेश ने अपने ट्वीटर पर इस जीत पर मैनपुरी की जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि मैनपुरी के हर एक मतदाता को मेरा व्यक्तिगत धन्यवाद। जिन्होंने मुझ में अपना विश्वास व्यक्त किया और सपा के हर एक कार्यकर्ता, बूथ और सेक्टर प्रभारी एवं नेतागणों का भी हार्दिक आभार जिन्होंने सपा की जीत में अपना-अपना योगदान दिया।
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती डिम्पल यादव की रिकार्ड मतों से ऐतिहासिक जीत की खबर आते ही राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश भर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर छा गई। उत्साह से भरे कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और बधाई दी।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में सुबह से ही कार्यकर्ता एकत्र होने लगे थे। जैसे ही डिम्पल यादव की बड़ी बढ़त की सूचना टीवी पर दिखी, कार्यकर्ताओं में जोश आ गया। मिठाई बांटने लगी। एक दूसरे के गले लगकर बधाइयां दी गई। किशन सिंह धानुक के बैंडबाजे के साथ किन्नर सभा की निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पायल सिंह की टीम ने नेताजी अमर रहे और अखिलेश यादव जिंदाबाद-डिम्पल यादव जिंदाबाद के नारों के साथ पुष्प वर्षा की। महिलाएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रही।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने श्रीमती डिम्पल यादव को जीत की बधाई देते हुए कहा कि इस जीत ने सन् 2024 की दिशा का संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा सत्ता में आई है उसका आचरण अलोकतांत्रिक और उसकी भाषा अमर्यादित रही है। मतदाताओं ने दिखा दिया है कि जो लोकतंत्र का अपमान करते हैं उन्हें मान्यता नहीं मिलती है।
श्री चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हितों के लिए संघर्ष करती आई है। वही भाजपा का राजनीतिक विकल्प साबित हुई है। भाजपा नेतृत्व को भी जनादेश का सम्मान करना चाहिए। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अराजकता में झोंक दिया है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में जो जीत हासिल हुई है उसके लिए क्षेत्रीय जनता में नेताजी के प्रति सम्मान और व्यापक सहानुभूति रही है। भाजपा राज में किसान, नौजवान, गरीब सभी परेशान हैं, महंगाई-भ्रष्टाचार का बोलबाला है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में भाजपा का सफाया तय है।
राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि राजनीति में चुनाव सिर्फ एक पड़ाव है, असली ताकत जनता की है और लोकतंत्र में उसकी ही स्वीकारिता है। घमण्डी राजनीति का जीवन अल्पकालिक ही होता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में तानाशाही राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं होता है। भाजपा को अपने भविष्य की चिंता करनी चाहिए।