जहां भी जरूरत वहां UP के जवान, CRPF में बढ़ता उत्तर प्रदेश का दबदबा
भारत
चेतना मंच
10 Aug 2025 02:58 PM
स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर जब पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा है तब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में उत्तर प्रदेश के जवानों की भूमिका एक बार फिर से चर्चा का विषय बनी हुई है। दुनिया के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल CRPF में उत्तर प्रदेश के हजारों सपूत देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए दिन-रात तैनात हैं। CRPF
करीब 3 लाख कार्मिकों वाली इस विशाल बल में यूपी से बड़ी संख्या में युवा शामिल हैं। देश के जिन राज्यों से सेना और अर्धसैनिक बलों में सर्वाधिक भर्ती होती है उनमें उत्तर प्रदेश का नाम शीर्ष पर आता है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी देशसेवा को गौरव और परंपरा माना जाता है। यही वजह है कि CRPF में यूपी के युवाओं की भागीदारी हर साल और मजबूत होती जा रही है।
सेवा की परंपरा और बलिदान का गर्व
आंकड़ों की बात करें तो भारतीय सेना में सेवानिवृत्त सैनिकों की सबसे बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश से है लगभग 2.72 लाख। यह आंकड़ा खुद बयां करता है कि देशभक्ति यहां की मिट्टी में बसी है। CRPF में भी यूपी के हर जिले से जवान शामिल हैं जो देशभर में अलग-अलग अभियानों और कठिन परिस्थितियों में डटे हुए हैं।
शौर्य की मिसाल बने यूपी के जवान
CRPF ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं। 2005 में अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि परिसर पर हुए आतंकी हमले को CRPF के जवानों ने बहादुरी से नाकाम किया, जिससे मंदिर को सुरक्षित रखा जा सका। वहीं माओवादी हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में CRPF की विशेष टुकड़ियों ने उल्लेखनीय कार्य किया। गृह मंत्रालय के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश माओवाद से पूरी तरह मुक्त है यह सफलता CRPF और राज्य पुलिस के संयुक्त प्रयासों की देन है।
बुनियादी ढांचे में भी उत्तर प्रदेश की अहम भूमिका
सिर्फ मानव संसाधन ही नहीं, बल्कि बुनियादी ढांचे के रूप में भी उत्तर प्रदेश, CRPF की मजबूती का आधार है। लखनऊ और ग्रेटर नोएडा में स्थित ग्रुप केंद्र और अमेठी का भर्ती प्रशिक्षण केंद्र CRPF के अभियानों और प्रशिक्षण कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद करते हैं।
सरकार का समर्थन और सम्मान
उत्तर प्रदेश सरकार भी CRPF और अन्य सुरक्षाबलों में कार्यरत जवानों और उनके परिवारों को समय-समय पर सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाती रही है। प्रदेश के युवा देशसेवा के प्रति उत्साहित हैं और बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों में शामिल हो रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर पूरे प्रदेश में CRPF और अन्य बलों में उत्तर प्रदेश के योगदान को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ये कार्यक्रम केवल जवानों का सम्मान नहीं, बल्कि उस भावना का उत्सव हैं जो भारत को एकजुट रखती है। CRPF