विज्ञापन
Uttar Pradesh Weather News: पश्चिमी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने कुछ इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान लगाया है जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार करवट बदल रहा है। तेज धूप और गर्मी के बीच अचानक आ रही आंधी और बारिश ने लोगों को राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। खासकर पश्चिमी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने कुछ इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान लगाया है जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मुरादाबाद, मथुरा, आगरा, कानपुर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं और बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ समेत 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। इस दौरान कई जगहों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तेज हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा लेकिन गर्मी से राहत भी मिली। बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में सबसे अधिक 6.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं संतकबीर नगर में 6.1 मिलीमीटर और गोरखपुर में 5.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। गोरखपुर और उन्नाव में तेज आंधी ने लोगों का ध्यान खींचा।
जहां प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सुहाना बना हुआ है वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों को अभी भी गर्मी से राहत नहीं मिली है। बांदा और झांसी जैसे जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। शनिवार को बांदा का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि झांसी में पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि, सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। मंगलवार को पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 17 जून के आसपास मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है हालांकि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
विज्ञापन