Today Weather: प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून पूरी तरह सक्रिय है हालांकि 23 से 25 जुलाई के बीच इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है।

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी रफ्तार में है और बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश देखने को मिल रही है। बारिश की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है और मौसम काफी सुहाना हो गया है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार (22 जुलाई) के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून पूरी तरह सक्रिय है हालांकि 23 से 25 जुलाई के बीच इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है।
मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश मिर्जापुर में हुई, जहां 190 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शाहजहांपुर में 125 मिमी, सिद्धार्थनगर में 120.8 मिमी और गोरखपुर में 111 मिमी बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई है और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक भी हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय सिस्टम और सक्रिय मानसूनी रेखा के कारण उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। फिलहाल प्रदेश में 24 जुलाई तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की उम्मीद है लेकिन इसकी तीव्रता पहले की तुलना में कुछ कम हो सकती है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ से नोएडा तक बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जालौन, आगरा, झांसी, ललितपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी और चंदौली में भी भारी बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। तेज बारिश और आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान, पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। जिन इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है वहां अतिरिक्त सावधानी बरतें। किसानों को भी मौसम का अपडेट देखते हुए खेतों में काम करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन