आज उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार प्रदेश में बारिश का यह दौर 13 जुलाई तक जारी रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में गुरुवार से शुरू हुई झमाझम बारिश शुक्रवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में जारी है। कई जिलों में रातभर तेज बारिश हुई जबकि सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार प्रदेश में बारिश का यह दौर 13 जुलाई तक जारी रह सकता है।
पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को गुरुवार से शुरू हुई बारिश ने बड़ी राहत दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, तराई क्षेत्र और कई मध्य जिलों में लगातार बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम पहले के मुकाबले काफी सुहावना हो गया है। हालांकि कई शहरों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और रोजमर्रा की आवाजाही पर भी असर देखने को मिल रहा है।
इस बार सबसे ज्यादा बारिश बिजनौर जिले के नजीबाबाद में रिकॉर्ड की गई। यहां 306 मिलीमीटर बारिश हुई, जो वर्ष 1952 के बाद दर्ज की गई सबसे अधिक बारिश के आंकड़ों में शामिल है। इसके अलावा एटा में 222 मिलीमीटर, संभल में 204 मिलीमीटर और आगरा में 146 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच चुका है जिसका सीधा असर उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है। इसी वजह से मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लखनऊ, कानपुर, मेरठ समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग का कहना है कि कई इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना बनी हुई है।
महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, अमरोहा, बिजनौर, सीतापुर, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, हरदोई, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भी बारिश का असर बना रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचें।
लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई जिलों में एहतियातन स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। शुक्रवार को मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर, बिजनौर, हापुड़ और कासगंज सहित कुल 9 जिलों में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को बिना जरूरत घर से बाहर न भेजें और जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने और कई बार तेज बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, कानपुर, बरेली और आसपास के इलाकों में भी रुक-रुककर तेज बारिश जारी रहने की संभावना है।
विज्ञापन