UP Weather News: मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही करीब 30 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट भी जारी किया गया है।

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है। रविवार से कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही करीब 30 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के लगभग 65 जिलों में हल्की से मध्यम और कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर मऊ, बलिया, देवरिया और गोरखपुर सहित 14 जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिल रही है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 30 जिलों के लिए गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इनमें महाराजगंज, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, कुशीनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, देवरिया, हाथरस (महामाया नगर), कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई जिले शामिल हैं। इन इलाकों में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को भी मौसम अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: आज का मौसम: UP के 75 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, पढ़ें अपने जिले का ताजा अपडेट
इस बार मानसून के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 29 जिलों में सामान्य बारिश हुई है जबकि 10 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं 21 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों की बारिश से कई जिलों में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। अगर यही सिलसिला जारी रहा तो खेती और जलस्तर दोनों के लिए यह अच्छी खबर साबित हो सकती है।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। लगातार बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है। मौसम सुहावना रहने से लोगों को दिन और रात दोनों समय राहत मिलेगी। वहीं कई शहरों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले तीन दिनों तक बारिश का अच्छा दौर बना रहेगा लेकिन 15 जुलाई के बाद मानसून कमजोर पड़ने के संकेत हैं। इसके बाद तीन से चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं और उमसभरी गर्मी एक बार फिर लोगों को परेशान कर सकती है। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है वहीं कई जिलों में जलभराव, फिसलन और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में मौसम विभाग की सलाह को नजरअंदाज न करें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून का असर बना रहेगा इसलिए समय-समय पर मौसम की ताजा जानकारी लेते रहना जरूरी है।
विज्ञापन