मौसम विभाग ने अब बुधवार से शुक्रवार तक प्रदेश के करीब 50 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई जिलों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

उत्तर प्रदेश में सावन की शुरुआत जोरदार बारिश के साथ हुई है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ समेत पूर्वांचल, तराई और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल जमकर बरसे हैं। मौसम विभाग ने अब बुधवार से शुक्रवार तक प्रदेश के करीब 50 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई जिलों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
इस मानसून सीजन में पहली बार लखनऊ में 66.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार हुई बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, राजधानी का अधिकतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मंगलवार को दिन का तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश की वजह से लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है। हालांकि कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी भी देखने को मिली।
इस बार सबसे ज्यादा बारिश कन्नौज में रिकॉर्ड की गई, जहां 125 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा कई जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
कन्नौज – 125 मिमी
बहराइच – 104 मिमी
इटावा – 100 मिमी
अयोध्या – 94.8 मिमी
लखीमपुर खीरी – 81.6 मिमी
कानपुर – 75 मिमी
बाराबंकी – 70 मिमी
जौनपुर – 68.6 मिमी
इन जिलों में हुई बारिश ने लंबे समय से बनी उमस और गर्मी से लोगों को राहत दिलाई है।
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के करीब 36 जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई जगहों पर वज्रपात यानी बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से शुक्रवार तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कुछ इलाकों में एक से अधिक बार तेज बारिश हो सकती है। जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहां स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अगर आप घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो मौसम का ताजा अपडेट जरूर देख लें। बारिश के दौरान सावधानी बरतें और जलभराव वाले रास्तों से बचकर निकलें।
विज्ञापन