आज 75 जिलों में UPPSC PCS की प्री-परीक्षा, चप्पे-चप्पे पर निगरानी
UPPSC Prelims Exam
भारत
चेतना मंच
22 Dec 2024 04:26 PM
UPPSC PCS Prelims Exam : अगर आप UPPSC PCS की दिलों जान से तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए एक महत्वपूर्ण जानकारी है। दरअसल आज (22 दिसंबर) उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस प्री परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में प्रदेश के 75 जिलों में कुल 1331 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5,76,154 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इस परीक्षा का आयोजन पूरी तरह से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश को रोका जा सके।
एग्जाम का शेड्यूल
जानकारी के मुताबिक पीसीएस प्री परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। बात करें अगर पहली शिफ्ट की तो सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन (GS) का पेपर होगा। यह पेपर भारतीय राजनीति, समसामयिक घटनाएं, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र आदि से संबंधित सवालों से भरा होगा। वहीं परीक्षा की दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। जिसमें सीसेट (CSAT) का पेपर होगा। यह पेपर उम्मीदवारों की सोचने-समझने की क्षमता और अन्य सामान्य योग्यता पर आधारित होगा।
परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती
बता दें कि इस बार परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल या गड़बड़ी न हो इसके लिए सुरक्षा और निगरानी की कड़ी व्यवस्था की गई है। हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट और डिप्टी एसपी रैंक के पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस बार परीक्षार्थियों की पहचान आयरिश स्कैनिंग के माध्यम से की जाएगी, जिससे कि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी को रोका जा सके। परीक्षा के प्रश्न पत्र डिजिटल लॉकर के जरिए केंद्रों तक भेजे गए हैं ताकि किसी भी स्थिति में प्रश्न पत्र लीक होने की संभावना को खत्म किया जा सके।