उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर
UPSSSC PET 2025
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
15 Jul 2025 12:12 PM
UPSSSC PET 2025 : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने PET 2025 (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) की तारीखों की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 6 और 7 सितंबर 2025 को दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी।
बदल गया PET स्कोर का वैधता नियम
इस बार PET के लिए रिकॉर्ड 25 लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं। आयोग ने परीक्षा केंद्रों को लेकर भी अहम बदलाव किए हैं, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सके।अब PET स्कोर की मान्यता अवधि बढ़ा दी गई है। पहले यह स्कोर सिर्फ एक साल तक ही मान्य होता था, लेकिन अब तीन साल तक इस स्कोर के आधार पर उम्मीदवार ग्रुप ‘C’ पदों की विभिन्न भर्तियों में आवेदन कर सकेंगे।
मुख्य भर्तियों की तैयारी पर कर सकेंगे फोकस
PET स्कोर के बिना कई प्रमुख ग्रुप ‘C’ भर्तियों जैसे ग्राम पंचायत अधिकारी, लेखपाल, वन रक्षक, एक्स-रे टेक्नीशियन, आईटीआई अनुदेशक और कृषि सहायक पदों पर आवेदन नहीं किया जा सकता। PET 2025 परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिनके लिए कुल 100 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा अवधि 2 घंटे की होगी और प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। सिलेबस में भारतीय इतिहास, भूगोल, संविधान, विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी, करंट अफेयर्स, लॉजिक, सामान्य ज्ञान, ग्राफ व तालिका व्याख्या जैसे विषय शामिल हैं। PET स्कोर की वैधता तीन साल होने से उम्मीदवारों को बार-बार परीक्षा देने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे सीधे मुख्य भर्तियों की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।