टीईटी फीस को लेकर CM योगी का एक्शन, छात्रों के हक में आया बड़ा फैसला
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:36 AM
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। परीक्षा शुल्क बढ़ाने की तैयारी में जुटे विभाग को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश देते हुए साफ कर दिया है कि किसी भी हालत में आवेदन शुल्क नहीं बढ़ाया जाएगा। UP News
सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शासन को प्रस्ताव भेजा था जिसमें आवेदन शुल्क को वर्तमान 600 रुपये से बढ़ाकर 1700 रुपये प्रति स्तर करने की सिफारिश की गई थी। यानी अगर कोई अभ्यर्थी दोनों स्तर (प्राथमिक व उच्च प्राथमिक) की परीक्षा देता तो उसे कुल 3400 रुपये चुकाने पड़ते। लेकिन जैसे ही यह प्रस्ताव सामने आया अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई। स्थिति को भांपते हुए सीएम योगी ने तत्काल हस्तक्षेप किया और आदेश जारी करते हुए कहा, “अभ्यर्थियों पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय बोझ न डाला जाए। परीक्षा शुल्क यथावत रहेगा।”
2026 में होगी परीक्षा
उत्तर प्रदेश टीईटी परीक्षा का आयोजन आगामी 29 और 30 जनवरी 2026 को किया जाएगा। इसके लिए आयोग जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू करने वाला है। नए सत्र की परीक्षा के लिए ही शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन अब यह प्रस्ताव खारिज हो गया है। अब अभ्यर्थी पूर्व की तरह ही 600 रुपये प्रति स्तर के हिसाब से आवेदन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री के इस फैसले से लाखों युवाओं ने राहत की सांस ली है।
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET), राज्य में प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्तर पर शिक्षक बनने के लिए अनिवार्य परीक्षा है। इस परीक्षा में बैठने के लिए उम्मीदवार के पास बी.एड., डी.एल.एड. या समकक्ष डिग्री होना जरूरी है। परीक्षा में मुख्य रूप से बाल विकास, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, पर्यावरण अध्ययन, सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों से प्रश्न पूछे जाते हैं। UP News