
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बरेली में मायके में रह रही पत्नी को वापस लेने के लिए गए एक युवक की ससुराल वालों ने जमकर पिटाई की। आरोप है कि पत्नी के मायके वालों ने बाइक की चाबी छीनकर अपने पास रख ली। ससुराल में पिटाई किए जाने से आहत युवक ने अपने घर लौट कर और फांसी लगाकर जान दे दी। युवक के पिता ने मृतक की पत्नी और उसके मायके वालों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र के नंदगांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय की रसोईया सुनीता देवी का पुत्र मनीष कुमार अपनी पत्नी भूरी को लेने सोमवार को अपनी ससुराल गांव जाफरपुर गया था। वहां पर किसी बात को लेकर उनका ससुरालियों से विवाद हो गया। आरोप है कि पत्नी ने भाइयों के साथ मिलकर मनीष कुमार से मारपीट की। पत्नी ने मनीष कुमार से बाइक छीन ली। बाइक मनीष को शादी में मिली थी। ससुराल में हुए अपमान से आहत मनीष कुमार मंगलवार की सुबह घर लौटा। पिता काम पर चले गए थे, मां खाना बनाने स्कूल चली गई थी, घर में अकेला मुनीश कुमार था, उसने मकान का दरवाजा बंद कर कमरे में लुंगी का फंदा बनाकर उसपर लटक गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक का छोटा भाई पड़ोसी के यहां बैठा था, आवाज देने पर युवक ने दरवाजा नहीं खोला तो छोटा भाई पड़ोस के मकान की छत से होकर अपने घर पहुंचा। कमरे में मुनीश का शव फंदे से लटका लटक रहा था । भाई ने स्कूल जाकर मां को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पिता सोहनलाल भी घर पहुंच गए। पिता सोहनलाल प्रधान वीरेंद्र गंगवार के साथ थाने पहुंचे। पिता ने पुलिस को बेटे की पत्नी के खिलाफ तहरीर दी, पुलिस ने पिता की तहरीर पर मृतक की पत्नी भूरी के खिलाफ धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।