उत्तर प्रदेश : बस्ती जिले के एक ही सामुदायिक शौचालय में लगी मिली दो टॉयलेट सीट्स, बिना दरवाजे के कैसे होगा प्रयोग?
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 02:36 PM
यह मामला उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का है जहाँ मुख्य कार्यालय से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर कुदरहा ब्लॉक के गौराधुंधा गाँव का है। यहां पर 10 लाख रूपये की धनराशि लगाते हुए सामुदायिक शौचालयों का निर्माण तो कराया गया किन्तु वे किसी भी व्यक्ति के उपयोग में आने लायक नहीं है। इसकी वजह है कि शौचालयों में दरवाजे नहीं लगे हुए हैं और तो और एक शौचालय में एक साथ दो टॉयलेट सीट्स लगी हुई हैं। ऐसी स्थिति में कोई इनका प्रयोग आखिर कैसे कर सकता है?
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से आती हुई इस खबर की जब छानबीन की गयी तो पाया गया कि गांव के प्रधान एवं सेक्रेटरी ने मिलकर इन शौचालयों का निर्माण करवाया था। जिसमें जिला पंचायती राज अधिकारी नम्रता शरण ने दोषी के खिलाफ नोटिस जारी करने की बात बताई है। वे खुद स्थल पर पहुंची और उन्होंने शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में उचित कार्यवाही की जाएगी तथा शौचालय को तत्काल प्रभाव के साथ ठीक करवाया जाएगा।
इस शौचालय की फोटो सोशल मीडिया पर भी लोगों के साथ शेयर की जा रही जिसमें लोग ऐसा शौचालय देख कर अचरज में पड़ने के साथ साथ अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। एक यूजर का कहना है कि उत्तर प्रदेश के इस टॉयलेट की खूब चर्चा हो रही है जिसकी कीमत तो दस लाख बताई जा रही है किन्तु न तो इसमें दरवाजा है और एक साथ दो सीट्स भी लगी हुई हैं।
वहीं कुछ लोगों ने इस फोटो पर मज़ाक करते हुए लिखा है कि कृपया इसे उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार से जोड़कर बिल्कुल भी न देखें। यह एक ओर अधिकारीयों की लापरवाही को तो दिखाता ही है साथ में यह इंजीनियर कर्मियों की काबिलियत पर भी सवाल खड़े करता है।