
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक दर्जन से अधिक लोगों के लिए मंगल का दिन अमंगलकारी साबित हो गया। दिन निकलते ही यहां पर एक कार नाले में गिरकर पलट गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार जनपद लखीमपुर खीरी के पलिया तहसील क्षेत्र में भीरा मार्ग पर सड़क किनारे नाले में गिरने की वजह से मंगलवार तड़के एक एसयूवी कार पलटकर गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। बताया गया है कि एसयूवी कार में 12 लोग सवार थे, जिसमे पांच लोगों ने दम तोड़ दिया।
सुक्खनपुर निवासी कार सवार राजू पाल ने बताया कि वह शाहजहांपुर से टैक्सी कार में सवार हुए थे। पलिया के आगे सड़क कटी थी। ड्राइवर को झपकी आई या नींद आई नहीं कह सकते। गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में फंसकर पलट गई, जिसमें उनके परिचित विनय समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने जेसीबी की मदद से गाड़ी को बाहर निकलवाया और राहत बचाव शुरू किया। मौके पर एसडीएम कार्तिकेय सिंह भी पहुंचे।