
उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली से ठीक पहले अपने लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी देकर सरकारी कर्मियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। अब राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58% हो जाएगा। सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू मानी जाएगी, जबकि बढ़ा हुआ भुगतान अक्टूबर 2025 से नकद रूप में किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने इस कदम को कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में उठाया गया “संवेदनशील और कल्याणकारी निर्णय” बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कर्मयोगियों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है, और यह फैसला महंगाई के दबाव को कम करने तथा जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक ठोस प्रयास है। UP News
उत्तर प्रदेश सरकार के इस फैसले से राज्य के खजाने पर तो करीब ₹1,960 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा, लेकिन इसे कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशियों की निवेश योजना कहा जा सकता है। वित्त विभाग के मुताबिक, बढ़े हुए भत्ते के तहत ₹795 करोड़ रुपये की राशि नवंबर 2025 में नकद रूप में दी जाएगी, जबकि पुरानी पेंशन योजना (OPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों के GPF खातों में ₹185 करोड़ रुपये जमा किए जाएंगे।इसके अलावा, जुलाई से सितंबर 2025 की अवधि के बकाया भुगतान (arrears) के रूप में सरकार को ₹550 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त व्यय उठाना होगा।
वहीं, दिसंबर 2025 से हर महीने औसतन ₹245 करोड़ रुपये का खर्च बढ़े हुए भत्ते को लागू रखने में किया जाएगा। वित्त विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह निर्णय केंद्र सरकार की हालिया घोषणा के अनुरूप है। इस कदम से न सिर्फ कर्मचारियों की खरीद क्षमता में इजाफा होगा, बल्कि राज्य की आंतरिक अर्थव्यवस्था में नई जान भी आएगी। आर्थिक विश्लेषकों का मानना है कि त्योहारी सीजन में यह फैसला बाज़ार की रफ्तार और उपभोक्ता खर्च दोनों को गति देगा, जिससे राज्य की आर्थिक सेहत पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि सभी पात्र कर्मचारियों और पेंशनर्स को यह बढ़ा हुआ भत्ता त्योहारी सीजन से पहले ही उपलब्ध करा दिया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा - उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों के महंगाई भत्ते व महंगाई राहत की दर 55% को 1 जुलाई 2025 से बढ़ाकर 58% कर दिया है। महापर्व दीपावली के अवसर पर यह निर्णय लगभग 28 लाख कर्मयोगियों और पेंशनरों के जीवन में संतोष, सुरक्षा और समृद्धि का दीप जलाएगा। UP News