
Uttar Pradesh: सोमवार को आयोजित जनता दरबार में अपनी अपनी शिकायतों को लेकर पहुंची महिला फरियादियों की शिकायतों को सुनने के साथ ही महिलाओं के साथ आए बच्चों को चॉकलेट प्रदान कर आशीर्वाद भी प्रदान किया।
आपको बता दें कि सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया था। जनता दरबार में मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए फरियादियों तक मुख्यमंत्री खुद गए। बड़े इत्मीनान से एक-एक कर उन्होंने सभी लोगों की समस्याएं सुनीं, उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। सीएम ने फरियारियों को आश्वस्त किया कि परेशान मत हों।समस्या समाधान के लिए त्वरित व प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान महिला फरियादियों के साथ आए उनके बच्चों को मुख्यमंत्री ने प्यार-दुलार कर आशीर्वाद दिया। बच्चों को चॉकलेट देने के साथ ही उनकी माताओं को समझाया कि बच्चों को स्कूल जरूर भेजें। सरकार ने बच्चों की पढ़ाई से लेकर उनके बैग, कॉपी-किताब, यूनिफॉर्म, जूता-मोजा आदि की निशुल्क व्यवस्था कर रखी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। हर हाल में सबकी पीड़ा का निवारण कराया जाएगा। यह उनकी सरकार की प्राथमिकता है। हर मामले में प्रभावी कार्यवाही की जाएगी, जिन्हें इलाज की आवश्यकता है, उनके मुकम्मल इलाज की व्यवस्था की जाएगी। इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। हर पीड़ित की समस्या का निस्तारण उसकी सन्तुष्टि के मुताबिक कराया जाएगा।
पुलिस व राजस्व से संबंधित मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर मामले में समाधान जल्दी से हो। साथ ही कार्यवाही ऐसी हो कि फरियादी को दोबारा परेशान न होना पड़े। जनता दर्शन में कई जिलों से फरियादी पहुंचे थे।