Advertisement
Advertisement
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए बताया कि मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक जिले में अत्यधिक शीतलहर, घना कोहरा और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

UP News : उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे ने अब जनजीवन के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई की रूटीन व्यवस्था को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में जिलाधिकारी (DM) बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में अवकाश के आदेश जारी कर रहे हैं। इसी क्रम में बदायूं, अलीगढ़, वाराणसी, बस्ती और सीतापुर के बाद अब उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और औरैया में भी नर्सरी से लेकर कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि ठंड के इस दौर में बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलना पड़े, इसलिए एहतियात के तौर पर यह फैसला लागू किया गया है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में ठंड और घने कोहरे की मार को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए बताया कि मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक जिले में अत्यधिक शीतलहर, घना कोहरा और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसी कारण कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी परिषदीय/मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 8 और 9 जनवरी को अवकाश रहेगा।
उत्तर प्रदेश के औरैया में भी कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संजय कुमार ने आदेश जारी करते हुए बताया कि जिले के सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त अशासकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई 14 जनवरी तक बंद रहेगी। यानी तय अवधि में स्कूलों में कक्षाएं संचालित नहीं होंगी और आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को यह भी निर्देश दिए हैं कि अवकाश की सूचना समय रहते अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि ठंड के मौसम में बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलना पड़े। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्देशों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे के चलते जिला प्रशासन ने अलग-अलग जिलों में अलग अवधि तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। कहीं कक्षा 8 तक पढ़ाई पर ब्रेक लगाया गया है तो कहीं 12वीं तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी हुआ है। ताजा निर्देशों के मुताबिक वाराणसी में 8वीं तक 9 जनवरी तक अवकाश रहेगा, जबकि बदायूं, अलीगढ़ और बस्ती में 8वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। सीतापुर में 8वीं तक 8 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है। वहीं शाहजहांपुर और लखीमपुर में 12वीं तक स्कूल 14 जनवरी तक बंद रखने के आदेश हैं। प्रयागराज में 8वीं तक 15 जनवरी तक अवकाश रहेगा। गोरखपुर में कक्षा 1 से 8 तक 8-9 जनवरी को छुट्टी दी गई है, जबकि औरैया में नर्सरी से 8वीं तक 14 जनवरी तक पढ़ाई स्थगित रहेगी। UP News