Uttar Pradesh: सिपाही ने सर्विस राइफल से गोली मारकर की आत्महत्या
Uttar Pradesh
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 03:40 AM
Uttar Pradesh: बलरामपुर (उप्र)। बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आवास पर तैनात एक सिपाही ने मंगलवार तड़के कथित रूप से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
Uttar Pradesh
पुलिस अधीक्षक (SP) केशव कुमार ने यहां बताया कि 2020 बैच का सिपाही अभिषेक यादव पिछले एक माह से उनके आवास पर तैनात था। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उसने अपने सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
एसपी ने बताया कि घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दूसरा सिपाही गारद कक्ष में गया, जहां उसने यादव को खून से लथपथ पाया। उन्होंने बताया कि यादव कई महीनों से माइग्रेन से पीड़ित था और उसका इलाज हो रहा था।
एसपी ने बताया कि यादव पुलिस लाइंस के पास एक किराए के मकान में रहता था। उसने सोमवार रात को कुछ लोगों से फोन पर बात की थी।
पुलिस ने बताया कि अभिषेक यादव के भाई विनय यादव ने सूचित किया कि रविवार देर शाम अभिषेक का घर पर फोन आया था और उसने सिर दर्द की बात कही थी, लेकिन उसकी बातों से ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वह ऐसा कोई कदम उठा लेगा और आत्महत्या का कोई कारण भी नजर नहीं आता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिए चेतना मंच के साथ जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।