
उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक चौंकाने वाली प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पुलिस से लेकर आम लोगों तक को स्तब्ध कर दिया। यहां एक युवक ने बेवफाई के दर्द में ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी कल्पना भी कोई नहीं कर सकता था। उत्तर प्रदेश के हरदोई स्तिथ कोतवाली देहात क्षेत्र के बरगांव निवासी 22 वर्षीय राघवेंद्र ने अपनी प्रेमिका को किसी और के साथ देख लिया और बस, उसी पल मानों उसकी जिंदगी जैसे थम सी गई हो। गुस्से, आक्रोश और टूटे दिल के बीच उसने ऐसा निर्णय ले लिया, जो किसी फिल्मी ट्रैजेडी से कम नहीं था। उसने अपनी बाइक के टैंक से पेट्रोल निकाला और खुद को आग के हवाले कर दिया। UP News
उत्तर प्रदेश के हरदोई में इस इश्क कांड का दूसरा अध्याय और भी ज्यादा रोचक निकला। आग से बुरी तरह झुलसने के बाद भी राघवेंद्र किसी तरह आठ किलोमीटर दूर बिलग्राम चुंगी स्थित अस्पताल तक पहुंच गया, जहां वह बतौर लैब असिस्टेंट काम करता था। वहां उसने जो कहानी सुनाई, उसने पुलिस से लेकर अस्पताल स्टाफ तक सभी को हैरत में डाल दिया। राघवेंद्र ने दावा किया कि दो नकाबपोश युवकों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जैसे ही यह खबर फैली, पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में खलबली मच गई। UP News
सीओ सिटी अंकित मिश्रा के नेतृत्व में जांच की कमान संभाली गई। मौके पर पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस शुरू हुआ। लेकिन जैसे-जैसे जांच गहराई में गई, राघवेंद्र की कहानी की चमक फीकी पड़ने लगी। सच की परतें खुलीं तो सामने आया कि जो कहानी उसने सुनाई थी, वो महज एक झूठी पटकथा थी। UP News
उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच ने आखिरकार उस कहानी की पोल खोल दी, जिसने पूरे हरदोई को झकझोर कर रख दिया था। इलाके के हर सीसीटीवी कैमरे को जब खंगाला गया, तब न तो कोई संदिग्ध शख्स दिखा और न ही किसी तरह के संघर्ष या हमले के निशान मिले। यहीं से पुलिस को अंदाज़ा हो गया कि यह मामला वैसा नहीं है जैसा दिखाया जा रहा था यह कोई हमला नहीं, बल्कि एक सोची-समझी आत्मदाह की कोशिश थी। UP News
जांच में सामने आया कि राघवेंद्र, जिसने बेवफाई के दर्द में खुद को आग के हवाले किया था, बाद में शर्म और डर के कारण अपनी बनाई हुई झूठी कहानी पर टिक गया। उसने यह सब इसलिए गढ़ा ताकि लोग उसकी असली कमजोरी प्यार में मिले धोखे को न जान पाएं। दिलचस्प बात यह रही कि उसके परिवार ने भी पुलिस को यही बताया कि दो अज्ञात युवकों ने हमला किया और भाग निकले, लेकिन जब उत्तर प्रदेश पुलिस ने इलाके के फुटेज और गवाहों की बारीकी से जांच की, तो सच पूरी तरह सामने आ गया न कोई हमलावर था, न कोई झगड़ा, सब कुछ एक दुखद प्रेम नाटक की ही परिणति थी। UP News
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि जांच में यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि युवक ने खुद को आग लगाई थी, किसी ने उस पर हमला नहीं किया। फिलहाल उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है और उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि बेवजह झूठी सूचनाएं देने या अफवाह फैलाने से बचें, क्योंकि इससे न केवल संसाधन बर्बाद होते हैं, बल्कि समाज में भय और अव्यवस्था फैलती है। UP News