
Uttar Pradesh: लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आयी है। खबर ये है कि जनवरी माह के सर्द हवा और ठिठुराती सर्दी के बीच मतदाताओं को लाइन में लगना पड़ेगा। दरअसल, उत्तर प्रदेश की सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए जनवरी माह में चुनाव होंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य शासन की ओर से जनवरी माह में नगर निकाय चुनाव कराए जाने की तैयारी की गई है। जनवरी माह के पहले या दूसरे सप्ताह में नगर निकाय के चुनाव कराए जाने की तैयारी सरकार द्वारा की जा रही है। इस बाबत राज्य सरकार की ओर से सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होने से पहले ही संपूर्ण तैयारी जिला शासन स्तर पर की जा सके।
आपको बता दें कि जनवरी माह में नगर निकायों का पंचवर्षीय कार्यकाल समाप्त हो रहा है। शासन की ओर से सभी जिलाधिकारियों को दिए गए निर्देश में कहा गया है कि शपथ ग्रहण के बाद पहली बैठक का एजेंडा भी निकायों के कार्यकाल में जोड़ा जाएगा। निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। नगर निगमों में बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नगर आयुक्त और नगर पालिका तथा नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारी कार्यों का संचालन करेंगे।
निकाय कार्यकारिणी नगर आयुक्त और अधिशासी अधिकारियों को परामर्श दे सकेगी। पालिका परिषद, नगर पंचायतों में खातों का संचालन भी अधिशासी अधिकारी और लेखाकार के हस्ताक्षर से होगा। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायत हैं, जिनके लिए चुनाव होना है।