काम की खबर : यूपी के 37 जिलों में डिजिटल सर्वे पूरा, जानिए किसानों को क्या होंगे फायदे
Uttar Pradesh News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:48 AM
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में फसलों के डिजिटल सर्वे का कार्य किया जा रहा है। अब तक यूपी के 37 जिलों में योगी सरकार ने शत प्रतिशत सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। वहीं 13 जिलों में भी कार्य लगभग 99 फीसदी तक पूरा हो चुका है। बाकी बचे जिलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल्द से जल्द सर्वे के कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने धीमी प्रगति वाले जनपदों को लेकर नाराजगी जतायी है। उन्होंने जिलाधिकारियों को तेज गति से सर्वे पूरा करने की सख्त हिदायत दी है। वहीं अगर इस सर्वे के पूरा होने पर फायदे की बात करें तो जानकारों का मानना है कि यह किसानों के लिए कई मायनों में कारगर साबित होगा।
यूपी में लगे 5764 सर्वेयर
जानकारी के मुताबिक, सर्वे के कार्य में लगे प्रत्येक सर्वेयर को प्रतिदिन 50 खेतों का सर्वे करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसकी मॉनीटरिंग स्वयं जिलाधिकारी कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में इस कार्य में कुल 5764 सर्वेयर लगाये गये हैं, जिसमें 1437 कृषि विभाग, 2733 राजस्व विभाग और 1594 पंचायत सहायक हैं। इन्हें प्रदेश के 26775 राजस्व ग्रामों में कुल 1.19 करोड़ से अधिक खेतों का डिजिटल क्रॉप सर्वे करना है। इनमें से 16490 राजस्व ग्रामों में सर्वे को पूरा कर लिया गया है। जानकारों का मानना है कि फसलों का डिजिटल सर्वे एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को कई लाभ होंगे और इससे प्रदेश की कृषि को बढ़ावा मिलेगा।
Uttar Pradesh News
1- फसलों के डिजिटल सर्वे से किसानों को कृषि में नवाचार करने में मदद मिलेगी। सर्वे के माध्यम से सरकार को किसानों की आवश्यकताओं और चुनौतियों की बेहतर समझ होगी। इस जानकारी का उपयोग करके सरकार किसानों को कृषि में नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित कर सकती है।
2- इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। सर्वे के माध्यम से सरकार को किसानों द्वारा उगाई जाने वाली फसलों की सटीक जानकारी मिल जाएगी। इस जानकारी का उपयोग करके सरकार किसानों को बेहतर कृषि सेवाएं और सहायता प्रदान कर सकती है।
3- फसलों के डिजिटल सर्वे से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने में मदद मिलेगी। सर्वे के माध्यम से सरकार को किसानों की भूमि का नक्शा मिल जाएगा। इस नक्शे का उपयोग करके सरकार प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की फसलों को बचाने के लिए बेहतर योजना बना सकती है।