OTS स्कीम से बिजली विभाग को मिला 113 करोड़ का राजस्व, ऑनलाइन आवेदन कर उपभोक्ता उठा रहे लाभ
उत्तर प्रदेश में बकायेदारों व बिजली चोरों के लिए चलाई जा रही एक मुश्त समाधान योजना (OTS) फायदेमंद साबित हो रही है
Uttar Pradesh News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 06:00 AM
Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश में बकायेदारों व बिजली चोरों के लिए चलाई जा रही एक मुश्त समाधान योजना (OTS) फायदेमंद साबित हो रही है। बीते कुछ ही दिनों में 1 लाख 88 हजार से अधिक डिफाल्टरों ने योजना का लाभ उठाया है। वहीं बिजली विभाग को सिर्फ लखनऊ से करीब 113 करोड़ रुपये का राजस्व मिल चुका है। अभी योजना 31 दिसंबर 2023 तक है। सिस व ट्रांस गोमती के मुख्य अभियंताओं ने अपने-अपने खंडों की टीम को 31 दिसंबर तक अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाने के लिए बकायेदारों से व्यक्तिगत संपर्क करके राजस्व जमा करने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन आवेदन कर उपभोगताओं ने उठाया लाभ
Uttar Pradesh News
इसका असर यह हुआ कि लखनऊ के लोग जो दिल्ली व अन्य राज्यों में थे, उन्होंने आनलाइन योजना का लाभ उठाया तो कुछ ने बिजली घर आकर ओटीएस में पंजीकरण कराया। हालांकि अभी भी दो लाख से अधिक बकायेदार लेसा व सिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। मुख्य अभियंता लेसा सिस रवि कुमार अग्रवाल ने बताया कि योजना का लाभ अगर 31 दिसंबर तक बकायेदारों ने नहीं उठाया तो जनवरी 2024 के प्रथम सप्ताह से ऐसे बकाएदारों से बिजली विभाग सख्ती से पेश आएगा और कनेक्शन काटने के लिए अभियान चलाएगा। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2023 के बाद किसी भी किसान से उनके निजी नलकूप का बिजली बिल नहीं लिया जा रहा है।
लखनऊ में हैं 12 लाख उपभोक्ता
मुख्य अभियंता ने बताया कि बिल रिवीजन के जो भी मामले हैं, उनका सुधार करते हुए ओटीएस के तहत लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक सिर्फ राजधानी लखनऊ में 22,600 बिजली चोरों में से करीब 4 हजार ने ओटीएस का लाभ उठाया है। इनसे 25 करोड़ रुपये के आसपास राजस्व आया है। कुल 4,45,380 बकाएदारों में सिर्फ 1.88 लाख उपभोक्ता ही ओटीएस कराने पहुंचें हैं। जबकि राजधानी में कुल 12 लाख के आसपास उपभोक्ता हैं।