
Uttar pradesh: उत्तर प्रदेश के आगरा, गाजियाबाद व प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू किए जाने के लिए राज्य सरकार की ओर से आज शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही तीनों शहरों में पुलिस आयुक्त व अन्य अधिकारियों की तैनाती को लेकर मंथन तेज हो गया है।
आपको बता दें कि यूपी के आगरा, गाजियाबाद और प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर की जल्द तैनाती होगी। पुलिस विभाग में तबादलों की सूची जल्द जारी होगी। जोन व रेंज के अलावा कुछ जिलों में भी बदलाव को लेकर चर्चा है।
गृह विभाग ने शनिवार को आगरा, गाजियाबाद व प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर प्रणाली के क्रियान्वयन के लिए अधिसूचना जारी कर दी। तीनों महानगरीय क्षेत्रों में भविष्य में सृजित होने वाले नगरीय क्षेत्र के थानों को शामिल किया जाएगा। पदों के सृजन को लेकर कार्यवाही की जा रही है।
आगरा के 44, गाजियाबाद के 23 तथा प्रयागराज के 41 थाने पुलिस कमिश्नरेट का हिस्सा होंगे। इसके अलावा तीनों पुलिस जिलों के क्षेत्र महानगरीय क्षेत्र होंगे। पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को कार्यपालक व अपर जिला मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त तथा अन्य विधिक अधिकार प्रदान किए जाने की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इसके साथ ही तीनों शहरों में पुलिस आयुक्त व अधीनस्थ अधिकारियों की तैनाती को लेकर मंथन तेज हो गया है। कई नामों पर विचार चल रहा है।