विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के हित में एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। पावर कॉरपोरेशन ने राज्य में लगे करीब 75 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को अब चरणबद्ध तरीके से पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित करने का आदेश जारी कर दिया है।

UP News : उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के हित में एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। पावर कॉरपोरेशन ने राज्य में लगे करीब 75 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को अब चरणबद्ध तरीके से पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित करने का आदेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही नए बिजली कनेक्शन पर प्रीपेड मीटर लगाने की अनिवार्यता भी समाप्त कर दी गई है। पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार अब प्रदेश में सभी नए बिजली कनेक्शन स्मार्ट मीटर के साथ पोस्टपेड मोड में ही प्रदान किए जाएंगे।
प्रदेश में जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर उनकी सहमति के बिना प्रीपेड मोड में बदल दिए गए थे, उन्हें अब तत्काल प्रभाव से पोस्टपेड व्यवस्था में वापस लाया जाएगा। पावर कॉरपोरेशन ने इस बदलाव को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा न हो। नई व्यवस्था के तहत मई माह की बिजली खपत का बिल जून में पोस्टपेड प्रणाली के अनुसार जारी किया जाएगा। इसके अलावा सभी उपभोक्ताओं को बिल एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाएगा।
केंद्र सरकार और नियामक संस्थाओं की ओर से पहले ही यह स्पष्ट किया जा चुका था कि उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर का चयन कर सकते हैं। विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) में भी इस अधिकार की पुष्टि की गई है। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण द्वारा जारी अधिसूचना में प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई थी, बावजूद इसके उत्तर प्रदेश में यह व्यवस्था जारी रही। इस मुद्दे को लेकर राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने आपत्ति जताते हुए नियामक आयोग में याचिका भी दायर की थी।
नई व्यवस्था के अनुसार, सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को प्रत्येक माह की 10 तारीख तक बिजली बिल उपलब्ध कराया जाएगा। बिल जारी होने के बाद उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा। यदि किसी उपभोक्ता को समय पर बिजली बिल प्राप्त नहीं होता है, तो वे संबंधित वितरण कंपनियों के हेल्पलाइन नंबर पर अपना कनेक्शन नंबर बताकर बिल प्राप्त कर सकते हैं। पूर्वांचल: 8010968292
मध्यांचल: 7669003409, पश्चिमांचल: 7859804803,दक्षिणांचल: 8010957826,केस्को: 8287835233 मुख्य रूप से जारी किए गए है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। ऊर्जा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए खंड और उपखंड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। इन कैंपों में स्मार्ट मीटर और बिलिंग से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन