मंदिर में पूजा करती युवती को गोली मारी, सिरफिरे आशिक को पुलिस ने एक घंटे में किया ढेर
Uttar Pradesh Samachar
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
27 Jul 2025 08:38 PM
Uttar Pradesh Samachar : शनिवार सुबह मैनपुरी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवती जब शिव मंदिर में पूजा में लीन थी, तभी उसके पीछे-पीछे पहुंचे सिरफिरे युवक ने तीन गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस ने मात्र एक घंटे में उसे एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
पूजा करती युवती को मंदिर में मारी तीन गोलियां
यह सनसनीखेज वारदात मैनपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र के किला बजरिया मोहल्ले की है। स्थानीय शिव मंदिर में 21 वर्षीय युवती पूजा कर रही थी, तभी अचानक आरोपी राहुल दिवाकर वहां पहुंचा और बेरहमी से तीन गोलियां दाग दीं। मंदिर में खून से लथपथ पड़ी लड़की की हालत गंभीर है और उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस पर भी फायरिंग, जवाब में लगी गोली
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी की घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर भी फायरिंग की। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी और उसे धर दबोचा। आरोपी फिलहाल पुलिस कस्टडी में अस्पताल में भर्ती है।
वीडियो वायरल : मंदिर के अंदर खून से लथपथ युवती
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मंदिर के फर्श पर लहूलुहान पड़ी युवती दिख रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बनाया, जो मदद के लिए दौड़े थे। पुलिस ने वीडियो को जब्त कर लिया है और डिजिटल फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।
प्रेम-प्रसंग का मामला, आरोपी पहले से जानता था पीड़िता को
मैनपुरी के एसपी गणेश प्रसाद साहा ने प्रेस को बताया, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह एकतरफा प्रेम प्रसंग का मामला है। आरोपी युवती को पहले से जानता था। मंदिर में घात लगाकर उसने हमला किया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया है, मामले की गहराई से जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर से महिलाओं की सार्वजनिक सुरक्षा, खासकर धार्मिक स्थलों पर सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर देती है। सिरफिरे प्रेमियों की सनक के आगे कानून कितना सक्षम है? क्या मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे भी अब बेटियों के लिए सुरक्षित नहीं?