यूपी के इस जिले में बर्ड फ्लू से मचा हड़कंप, 10 किमी दायरे को नो एंट्री जोन किया घोषित
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 10:46 AM
Uttar Pradesh Samachar : उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) के मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। सीहोर गांव के एक पोल्ट्री फार्म में अब तक 15,000 से अधिक मुर्गियों की मौत हो चुकी है। भोपाल की लैब रिपोर्ट में वायरस की पुष्टि के बाद प्रशासन ने फार्म को सील कर दिया है और 10 किलोमीटर के दायरे को नो एंट्री जोन घोषित कर सख्त निगरानी टीमें तैनात की हैं। मृत पक्षियों को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट करने और फार्मों की पूरी तरह से सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए गए हैं।
बाहरी व्यक्तियों और वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा
इसके साथ ही बरेली में भी केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) ने बाहरी व्यक्तियों और वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। यहां अधिकारियों के वाहन भी परिसर के बाहर ही खड़े किए जा रहे हैं। खतरा सिर्फ पक्षियों तक सीमित नहीं है, मई-जून में गोरखपुर और कानपुर के चिड़ियाघरों में बर्ड फ्लू से कई वन्यजीव संक्रमित पाए गए थे, जिनमें शेर, बाघ, तेंदुआ और भेड़िया शामिल हैं। गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खान प्राणी उद्यान में एक बाघिन, तेंदुआ और भेड़िया बर्ड फ्लू से मारे गए, वहीं कानपुर चिड़ियाघर में भी शेर पटौदी की मौत इसी संक्रमण से हुई।
जनता की सतर्कता ही इस महामारी से निपटने का उपाय
जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मृत या संदिग्ध पक्षियों से दूर रहें। किसी भी असामान्य मौत की सूचना तत्काल पशुपालन विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 7248343667 पर दें। विशेषज्ञों के अनुसार, बर्ड फ्लू का यह प्रकोप पोल्ट्री उद्योग को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है और वन्यजीवों में संक्रमण के बढ़ते मामलों से जैव विविधता को भी खतरा है। इसलिए प्रशासन की कड़ी कार्रवाई और जनता की सतर्कता ही इस महामारी से निपटने की सबसे बड़ी कुंजी है। Uttar Pradesh Samachar