अग्निवीरों को सीएम योगी की बड़ी सौगात, यूपी पुलिस में मिलेगा 20% आरक्षण
Uttar Pradesh Samachar
उत्तर प्रदेश
चेतना मंच
29 Nov 2025 05:35 PM
Uttar Pradesh Samachar : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के लिए लड़ने वाले युवाओं अग्निवीरों के भविष्य को नई दिशा दी है। सीएम योगी ने ऐलान किया है कि यूपी पुलिस और पीएसी की आगामी भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। यह घोषणा न केवल राज्य के युवाओं के लिए उत्साहजनक है, बल्कि भारतीय सेना में सेवा दे चुके नौजवानों के लिए सुरक्षित भविष्य का द्वार भी खोलती है।
"अग्निवीर सिर्फ सैनिक नहीं, राष्ट्र निर्माण के योद्धा हैं" : योगी आदित्यनाथ
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि, अग्निवीरों को केवल रक्षा बलों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। वे राष्ट्र की संपत्ति हैं। यूपी पुलिस में उन्हें 20% आरक्षण देने का निर्णय इस विश्वास का प्रतीक है कि राष्ट्र सेवा करने वाले हर युवा को समाज में भी सम्मान और अवसर मिलना चाहिए। इससे पहले भी योगी सरकार ने राज्य के सुरक्षा बलों में पूर्व अग्निवीरों के लिए समर्पित कोटा निर्धारित करने की बात कही थी, लेकिन कारगिल विजय दिवस पर यह ऐलान नीतिगत अमल का संकेत माना जा रहा है।
कारगिल युद्ध : जब भारत ने झुका दिया पाकिस्तान का सिर
सीएम योगी ने कारगिल युद्ध की यादों को ताजा करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध पाकिस्तान द्वारा थोपा गया युद्ध था, लेकिन हमारे जवानों ने उनका मुंहतोड़ जवाब दिया। दुर्गम पहाड़ियों, 50 डिग्री तापमान और सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय सेना ने पराक्रम का जो इतिहास रचा, वह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अमेरिका समेत किसी भी वैश्विक दबाव के सामने झुकने से इनकार कर दिया था, और भारत ने अपने शौर्य और नीति से विजय हासिल की।
पाकिस्तान की कायरता और भारतीय सेना की बहादुरी
सीएम योगी ने कहा कि आज भी पाकिस्तान तीर्थ यात्रियों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर कायरता का प्रदर्शन करता है, लेकिन भारत की सेना अब 'आॅपरेशन सिंदूर' जैसे मिशनों से उसे मुंहतोड़ जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि, महज 22 मिनट में भारतीय सेना ने आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। यह भारत की नई सामरिक ताकत का परिचायक है।
राष्ट्रविरोधी मानसिकता को चेतावनी
सीएम योगी ने स्पष्ट रूप से उन विचारधाराओं की आलोचना की जो भारत को अंदर से तोड़ने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा कि
जो लोग भारत की एकता को खंडित करने का प्रयास कर रहे हैं, वे दुश्मनों के एजेंडे को मजबूत कर रहे हैं। उनकी सहानुभूति भारत के नहीं, भारत के विरोधियों और घुसपैठियों के साथ है। उन्होंने कहा कि विभाजनकारी मानसिकता भारत को कमजोर करती है, और हमें इससे सतर्क रहते हुए आगे बढ़ना होगा।
योगी सरकार की नीति दो टूक, "राष्ट्र रक्षा के लिए बलिदान, समाज में सम्मान"
योगी आदित्यनाथ की यह पहल यह संकेत देती है कि अग्निपथ योजना के तहत सेवा देने वाले युवाओं को अब केवल चार साल की नौकरी तक सीमित नहीं रखा जाएगा। बल्कि सेवा पूरी करने के बाद भी उनके अनुभव और अनुशासन को राज्य में उपयोग किया जाएगा। यह न सिर्फ युवाओं में अग्निवीर योजना को लेकर विश्वास बढ़ाएगा, बल्कि देश की सुरक्षा और प्रशासनिक ढांचे को भी अनुशासित, देशभक्त और प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा।