आईएएस अफसर रिंकू सिंह राही को उठक-बैठक पड़ी भारी, शाहजहांपुर से हटाकर लखनऊ अटैच किया गया
Uttar Pradesh Samachar :
उत्तर प्रदेश
चेतना मंच
31 Jul 2025 06:58 PM
शाहजहांपुर में वकीलों के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाने वाले आईएएस अफसर रिंकू सिंह राही को सरकार ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उन्हें अब राजस्व परिषद, लखनऊ में अटैच किया गया है। यह फैसला उस वायरल वीडियो के बाद लिया गया जिसमें वह वकीलों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते दिखे थे। Uttar Pradesh Samachar :
क्या है पूरा मामला?
शाहजहांपुर की पुवायां तहसील में एसडीएम के पद पर तैनात आईएएस अफसर रिंकू सिंह राही हाल ही में क्षेत्रीय निरीक्षण पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को सार्वजनिक जगह पर गंदगी फैलाते देखा। नाराज होकर उन्होंने उस व्यक्ति से उठक-बैठक लगवाई, जिसका वीडियो वायरल हो गया। इस कार्रवाई से नाराज स्थानीय वकीलों ने तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन और धरना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख, अफसर रिंकू सिंह खुद धरनास्थल पर पहुंचे और वकीलों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई।
वीडियो वायरल, सरकार ने लिया संज्ञान
आईएएस अफसर का यह वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रशासनिक गलियारों से लेकर राजनीतिक हलकों तक इस पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। सरकार ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता माना और बुधवार को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर रिंकू सिंह राही को उनके पद से हटा दिया। अब उन्हें लखनऊ में राजस्व परिषद में अटैच किया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें वहां कोई कार्यभार दिया गया है या यह केवल प्रतीक्षा-पद (वेटिंग पोस्टिंग) है।
धरना खत्म, पर सवाल बाकी
वकीलों ने आईएएस अधिकारी की सार्वजनिक क्षमा याचना के बाद धरना समाप्त कर दिया, लेकिन इस घटनाक्रम ने प्रशासनिक गरिमा, अधिकारों की सीमा और अफसर-वकील संबंधों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। आईएएस रिंकू सिंह ने कहा कि "मैंने यह कदम वकीलों के साथ बेहतर समन्वय और तालमेल के लिए उठाया था, किसी दबाव में नहीं किया।" हालांकि शासन ने इसे अफसर के आचरण के विपरीत मानते हुए उन्हें वर्तमान जिम्मेदारी से हटा दिया है। आईएएस अफसर द्वारा वकीलों के सामने इस तरह की सार्वजनिक क्षमा और शासन की तत्काल कार्रवाई ने नौकरशाही की कार्यशैली और दबाव के बीच संतुलन पर नई बहस छेड़ दी है। Uttar Pradesh Samachar :