यूपी में सड़कों का मेगा प्लान! हर विधानसभा में बनेंगी 10 चमचमाती सड़कें
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:37 AM
उत्तर प्रदेश में सड़क निर्माण को लेकर बड़ा ऐलान होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में 10 नई सड़कें बनाने की तैयारी कर रही है। उत्तर प्रदेश में पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली है और अब बस उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हरी झंडी का इंतजार है। इस योजना के लिए हरी झंडी मिलते ही उत्तर प्रदेश में सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। Uttar Pradesh Samachar :
हर विधानसभा में 10 नई सड़कें
योजना के मुताबिक, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से 10 नई सड़कें बनाई जाएंगी। हर विधानसभा में 18 से 20 किलोमीटर तक सड़क निर्माण होगा। ग्रामीण सड़कों की लंबाई डेढ़ से दो किलोमीटर तक रखी जाएगी, जबकि प्रति किलोमीटर लागत 50 से 55 लाख रुपये आएगी। मानसून के बाद यह काम तेजी से शुरू किया जाएगा।
33 हजार करोड़ का बजट
पीडब्ल्यूडी के चालू वित्त वर्ष का बजट करीब 33,000 करोड़ रुपये है। इसमें 40 फीसदी राशि चालू परियोजनाओं पर और 60 फीसदी नए कामों पर खर्च की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कार्यों और नए कामों को मिलाकर 50 से 55 करोड़ रुपये तक का खर्च होगा।
पुल-पुलिया भी होंगी दुरुस्त
योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में 5 करोड़ रुपये तक की लागत के तीन छोटे ब्रिज (पुलिया) भी बनाए जाएंगे। बड़े कामों को 18 से 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि छोटे कार्य इसी वित्त वर्ष में पूरे कर दिए जाएंगे। नए कामों पर लगभग 15 हजार करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। नियम के मुताबिक इसके तीन गुना तक के प्रस्ताव तैयार किए जा सकते हैं। इसी क्रम में 45 हजार करोड़ रुपये तक के प्रस्ताव तैयार हो चुके हैं। Uttar Pradesh Samachar