रात के सन्नाटे में मंडराता रहस्य! बिजनौर के आसमान में ड्रोन का दहशत
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 10:21 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 10:21 AM
Uttar Pradesh Samachar : बिजनौर के आसमान में रातों में कुछ ऐसा हो रहा है जिसे समझ पाना न पुलिस के बस में है, न ही प्रशासन के पास कोई ठोस जवाब। बीते चार-पांच रातों से जिले के 20 से ज्यादा गांवों के ऊपर एक के बाद एक रहस्यमयी ड्रोन मंडरा रहे हैं। तेज रोशनी फैलाते, देर रात तक उड़ते और फिर बिना कोई सुराग छोड़े गायब हो जाते हैं। नतीजा, पूरे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल।
ड्रोन की फ्लैशलाइट देख स्कूल पर टूट पड़ा जनसैलाब
नूरपुर थाना क्षेत्र के राजा का ताजपुर में शनिवार रात 12 बजे ड्रोन ने सरकारी स्कूल के ऊपर काफी देर तक चक्कर काटा। स्थानीय महिला अलीशा बताती हैं, ऐसा लग रहा था जैसे कोई हमारी तस्वीरें खींच रहा हो। डर के मारे लोग घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा, लेकिन ग्रामीणों की चिंता और गहरी हो गई।
हीमपुर से शिवाला तक कैमरे भी खामोश, पत्थर भी बेअसर
धीवरपुरा गांव में पशु चिकित्सक डॉ. गुड्डू सिंह ने बताया कि ड्रोन ने अलग-अलग जगहों पर उड़ान भरी। ग्रामीणों ने डर के मारे पत्थर फेंके लेकिन वो ऊंचाई पर था, कुछ असर नहीं पड़ा। कई लोगों ने इसकी वीडियो भी बनाई है, लेकिन मंशा अभी भी रहस्य बनी हुई है। शिवाला कलां के मुराहट गांव में भीड़ ने मध्य प्रदेश से आए एक भिखारी को ड्रोन उड़ाने वाला समझकर पीट डाला। बाद में पता चला वह बस भीख मांग रहा था। यह घटना बताती है कि लोगों में कितना भय और भ्रम व्याप्त हो चुका है।
सरकारी सर्वे या खुफिया जासूसी?
माहूं गंधोर गांव के संजय यादव ने शक जताया है कि या तो यह कोई गुप्त सरकारी सर्वे है या फिर किसी संगठन की जासूसी। उनका कहना है, अब बात चेतावनी से आगे निकल गई है, इन ड्रोन को गिराकर ही असलियत सामने आएगी। अब तक करीब 20 गांवों से पुलिस को ड्रोन की शिकायतें मिली हैं। चांदपुर सर्किल के सीओ देश दीपक सिंह के मुताबिक, कई बार यह हवाई जहाज की लाइट भी हो सकती है। लेकिन हम गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
एसएसपी की चेतावनी, ड्रोन उड़ाया तो बचोगे नहीं
बिजनौर के एसएसपी अभिषेक झा ने बताया कि कई टीमों को जांच के लिए लगाया गया है। यदि कोई असामाजिक तत्व ऐसा कर रहा है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से अपील है कि अफवाहों से दूर रहें और ड्रोन दिखने पर तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें। बिजनौर के आसमान में मंडराती ये चमकती उड़ानें सिर्फ एक तकनीकी खिलवाड़ हैं या किसी बड़ी साजिश की शुरुआत? जबतक पुलिस और खुफिया एजेंसियां सच्चाई नहीं सामने लातीं, तब तक ग्रामीण रातें आंखों में काटने को मजबूर हैं।