उत्तर प्रदेश के जलालाबाद शहर का नाम बदला, अब परशुरामपुरी के नाम से मिलेगी पहचान
भारत
चेतना मंच
20 Aug 2025 04:05 PM
उत्तर प्रदेश का एक और ऐतिहासिक शहर अब नई पहचान के साथ दर्ज होगा। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले का जलालाबाद अब परशुरामपुरी कहलाएगा। केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के इस शहर के नाम परिवर्तन को मंजूरी दे दी है और इसके लिए गृह मंत्रालय ने औपचारिक पत्र जारी कर राज्य सरकार को निर्देश भेज दिया है। पिछले काफी समय से उत्तर प्रदेश के इस शहर का नाम बदलने की मांग यहां के सनातनी समाज के लोग कर रहे थे, जिसे अब जाकर केंद्र सरकार की मंजूरी मिली है। Uttar Pradesh Samachar :
नाम बदलने पर भारत सरकार को कोई आपत्ति नहीं
गृह मंत्रालय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने पर भारत सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। साथ ही राज्य सरकार से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि नए नाम की अधिसूचना हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में एकसमान रूप से प्रकाशित की जाए।
लंबे समय से हो रही थी जलालाबाद का नाम बदलने की मांग
इस फैसले के बाद भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए इसे सनातनी समाज के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि परशुरामपुरी नाम से शहर की पहचान और मजबूत होगी और यह कदम सांस्कृतिक गौरव को पुनर्स्थापित करने वाला है। जलालाबाद का नाम बदलने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। अब केंद्र की मुहर लगने के बाद यह शहर आधिकारिक तौर पर नई पहचान के साथ इतिहास में दर्ज होगा। Uttar Pradesh Samachar